Edited By Kuldeep, Updated: 05 Aug, 2025 07:29 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन मंगलवार को भी जारी नहीं हुआ। इसके चलते उनमें रोष बढ़ता जा रहा है।
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन मंगलवार को भी जारी नहीं हुआ। इसके चलते उनमें रोष बढ़ता जा रहा है। वेतन समय पर जारी न होने के विरोध में शिक्षकों व कर्मचारियों ने दोपहर के समय 1 घंटे के लिए कुलपति कार्यालय के बाहर धरना दिया। कामकाज प्रभावित न हो इसके लिए कर्मचारियों ने 1 बजे के बाद धरना दिया। धरने के दौरान कई कर्मचारी नेताओं व शिक्षकों ने संबोधित किया और मांग की कि शीघ्र वेतन जारी किया जाए।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ के उपाध्यक्ष प्रो. योगराज व महासचिव डा. अंकुश ने कहा कि हर महीने वेतन देने में देरी की जा रही है। संघ ने बताया कि अगर आने वाले समय में इसका कोई पक्का समाधान नहीं निकाला जाता है तो आंदोलन समाप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर संघ का प्रतिनिधिमंडल जल्द राज्यपाल से मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन जारी हो गया पर प्रदेश विश्वविद्यालय में अभी तक वेतन जारी नहीं किया गया है जिससे उनका मनोबल गिराया जा रहा है। संघ ने चेतावनी देते हुए कहा भविष्य में शिक्षक अपने आंदोलन को तेज करेंगे एवं भूख हड़ताल पर जाएंगे।