Weather Updates: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, दो दिन बर्फबारी की संभावना

Edited By Kuldeep, Updated: 14 Feb, 2026 07:19 PM

shimla snowfall possibility

राज्य में साफ चल रहे मौसम के बीच नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार फिर मौसम करवट बदल सकता है।

शिमला (संतोष): राज्य में साफ चल रहे मौसम के बीच नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार फिर मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 17 और 18 फरवरी को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि खासतौर पर शिमला, कुल्लू, चम्बा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि भारी हिमपात को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

राज्य में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है और जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि पहाड़ी पर्यटन स्थल शिमला की रातें इस समय कई मैदानी और निचले इलाकों से अधिक गर्म दर्ज की जा रही हैं। शनिवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक है। इसके विपरीत ऊना में न्यूनतम तापमान 7.4, कांगड़ा में 6.7, मंडी में 6.8 और बरठीं में 5.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, जबकि निचले इलाकों में कहीं-कहीं कोहरे की स्थिति देखने को मिली। मंडी क्षेत्र में घना कोहरा भी दर्ज किया गया, जिससे दृश्यता कम रही।

शनिवार को राज्य के अन्य प्रमुख स्थानों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो सुंदरनगर में 6, भुंतर में 4.5, कल्पा में मानइस 0.2, धर्मशाला में 6, नाहन में 9.9, पालमपुर में 7, सोलन में 4.4, मनाली में 2.9, बिलासपुर में 8, जुब्बड़हट्टी में 8.4, कुकुमसेरी में माइनस 7.6, सेओबाग में 2.5, कसौली में 8.7, पांवटा साहिब में 9, सराहन में 4.4, देहरागोपीपुर में 12, ताबो में माइनस 6.6 और नेरी में 10.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। इससे तापमान में फिर गिरावट आ सकती है। हालांकि अभी तक भारी बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है।

 

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!