Edited By Kuldeep, Updated: 16 Jul, 2025 05:07 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के केंद्रीय मंत्रालयों में वरिष्ठ मंत्रियों से महत्वपूर्ण मुलाकात के बाद अब भाजपा नेता हिमाचल प्रदेश के लिए मदद मांगने दिल्ली जाएंगे। इसमें सबसे पहले नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के दिल्ली जाने की संभावना है।
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के केंद्रीय मंत्रालयों में वरिष्ठ मंत्रियों से महत्वपूर्ण मुलाकात के बाद अब भाजपा नेता हिमाचल प्रदेश के लिए मदद मांगने दिल्ली जाएंगे। इसमें सबसे पहले नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के दिल्ली जाने की संभावना है। वह केंद्रीय नेताओं को बरसात से हुए नुक्सान की विस्तृत रिपोर्ट देंगे। नेता प्रतिपक्ष ने खुद ग्राऊंड जीरो पर लगातार आम लोगों के बीच रहकर उनकी मुश्किलों को करीब से जाना है। ऐसे में राज्य सरकार के अलावा राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्र सरकार से मदद की आवश्यकता है। ऐसा माना जा रहा है कि नेता प्र्रतिपक्ष केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अमित शाह, जगत प्रकाश नड्डा और निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा खुद वस्तुस्थिति का जायजा लेने के लिए मंडी के दौरे पर पहुंचे थे और उनके साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी साथ थे।
सांसद अनुराग ठाकुर और सांसद कंगना ने भी क्षेत्र का दौरा किया है। संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू हो रहा है। ऐसे में सातों सांसद 4 लोकसभा एवं 3 राज्यसभा केंद्रीय नेताओं एवं संसद में प्रश्न पूछकर अपने विषय को उठा सकते हैं। भाजपा सांसदों ने इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया है। साथ ही कहा कि प्रदेश में जब भी प्राकृतिक आपदा से प्रतिकूल हालात बने हैं तो केंद्र सरकार ने खुलकर वित्तीय मदद करने के अलावा हजारों की संख्या में आवासीय सुविधा भी उपलब्ध करवाई है। इसी तरह सड़कों के निर्माण एवं मनरेगा के तहत अलग से मदद जारी रखी है।
अपने स्तर पर भी प्रभावितों की मदद कर रही भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अपने स्तर पर आपदा प्रभावितों की मदद कर रहे हैं। भाजपा के लिए आपदा प्रभावितों की मदद के लिए बाकायदा टीम गठित की गई है, जो राहत एवं पुनर्वास कार्य में मदद कर रही है। पार्टी की तरफ से राशन एवं आवश्यक सामान की किट भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा आगामी दिनों में मानसून की शेष अवधि तक भाजपा स्थिति पर नजर रखेगी तथा राहत एवं पुनर्वास कार्य में राज्य सरकार और जिला प्रशासन की मदद करेगी।