Edited By Kuldeep, Updated: 03 Feb, 2025 09:51 PM
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक प्राथमिकता बैठक से भाजपा विधायक दल के बहिष्कार को राजनीति से प्रेरित बताया है।
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक प्राथमिकता बैठक से भाजपा विधायक दल के बहिष्कार को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक न तो विधानसभा, न सर्वदलीय बैठक और न ही विधायक प्राथमिकता की बैठक में बैठना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए है, क्योंकि हिमाचल प्रदेश भाजपा 5 गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल उपचुनाव नहीं जिता पाए। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल जयराम ठाकुर की नहीं सुनता है और डा. राजीव बिंदल की उनके सहयोगी परवाह नहीं करते।
अब यह भी मालूम नहीं कि भाजपा हाईकमान किसको अगला अध्यक्ष नियुक्त करती है। सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां विधायक प्राथमिकता बैठक के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा न तो हिमाचल प्रदेश के हितों के साथ खड़ी होती और न ही भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लाए गए प्रस्ताव पर विधानसभा में बैठने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आत्मनिर्भर हिमाचल की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में आपसी लड़ाई इस कद्र हावी है कि उनको जनहित से कुछ भी लेना-देना नहीं है।
भाजपा विधायकों को अधिक बजट दिया, जयराम को मिले 172.44 करोड़
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा विधायकों को नाबार्ड की योजनाओं में अधिक बजट मिला है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के सिराज विधानसभा क्षेत्र को 172.44 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि स्वीकृत हुई है, जबकि लिमिट 172 करोड़ रुपए थी। इसी तरह श्री नयना देवी जी और जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र को लिमिट से अधिक 173 करोड़ रुपए मिले हैं।
सुंदरनगर को 82 करोड़ रुपए, द्रंग को 50 करोड़ रुपए, नाचन को 50 करोड़ रुपए, जोगिंद्रनगर को 50 करोड़ रुपए, सरकाघाट को 93 करोड़ रुपए, बल्ह को 60 करोड़ रुपए, मंडी को 73 करोड़ रुपए और धर्मपुर को 38 करोड़ रुपए दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह भाजपा विधायकों को लिमिट के अनुसार जितना बजट मिलना चाहिए था, वह मिला है और कुछ जगह आवश्यकता से अधिक धनराशि स्वीकृत हुई है।
हमारे मंत्री बोल रहे भाजपा विधायक ज्यादा बजट ले गए
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हमारे मंत्री बोल रहे हैं कि भाजपा विधायक ज्यादा बजट ले गए हैं। उन्होंने जब खुद इसकी सूची देखी तो पता चला कि कांग्रेस विधायकों को कम और भाजपा के विधायकों को अधिक बजट मिला है।
बैठक में आकर अपना पक्ष रखते, सरकार तथ्य देती
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विधायकों को यदि यह लग रहा था कि उनके साथ भेदभाव हुआ है तो वे विधायक प्राथमिकता बैठक में आकर अपने विधानसभा क्षेत्र का पक्ष रख सकते थे। विपक्ष को बोलने से किसी ने नहीं रोका था और मैं तथ्यों के साथ बैठक में उनको जवाब देता। उन्होंने कहा कि सच्चाई सबके सामने है, लेकिन भाजपा झूठ बोलकर अपनी राजनीति करना चाहती है।