Edited By Kuldeep, Updated: 18 Jun, 2025 04:13 PM

हिमाचल प्रदेश में वर्ष, 2023 में आई प्राकृतिक आपदा की भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने 2006.40 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।
शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश में वर्ष, 2023 में आई प्राकृतिक आपदा की भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने 2006.40 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इस राशि को बाढ़, भू-स्खलन एवं बादल फटने के कारण हुए नुक्सान की एवज प्रभावित लोगों की मदद की जा सकेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताते हुए कहा है कि आपदा के समय केंद्र सरकार साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति ने वर्ष, 2023 में आई बाढ़, भू-स्खलन और बादल फटने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश के लिए इस राशि को मंजूर किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सभी राज्य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। इसी कारण वित्तीय वर्ष, 2024-25 के दौरान केंद्र सरकार ने एसडीआरएफ के तहत 28 राज्यों को 20,264.40 करोड़ रुपए और एनडीआरएफ के तहत 19 राज्यों को 5,160.76 करोड़ रुपए जारी किए हैं।
जयराम, बिंदल व अनुराग सहित अन्य नेताओं ने भी आभार जताया
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती एवं सुरेश कश्यप ने भी केंद्र सरकार का आभार जताया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने हर समय प्रतिकूल हालात में हिमाचल प्रदेश सरकार की मदद की है तथा 2006.40 करोड़ रुपए मंजूर होना इसी बात का प्रमाण है।
सुक्खू ने दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री से उठाया था मामला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीते माह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात के दौरान इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के कारण 9,042 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था, जिसके लिए अलग से कोई वित्तीय मदद नहीं मिली है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।