Edited By Kuldeep, Updated: 12 Nov, 2025 09:39 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के एक गर्ल्ज होस्टल में सीनियर छात्रा व जूनियर छात्रा के बीच किसी बात को लेकर हुई तलखी के मामले को लेकर जांच शुरू हो गई है।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के एक गर्ल्ज होस्टल में सीनियर छात्रा व जूनियर छात्रा के बीच किसी बात को लेकर हुई तलखी के मामले को लेकर जांच शुरू हो गई है। इसको लेकर चीफ वार्डन प्रो. रोशन लाल जिंटा ने वार्डन के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की है। यह कमेटी 4 दिनों मेें अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस बीच मामले को लेकर उपजे विवाद के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने उक्त मामले की शिकायत आने के बाद होस्टल के चौकीदार को दूसरे होस्टल में ट्रांसफर कर दिया और होस्टल की प्रीफैक्ट को हटा दिया है। प्रारंभिक जांच में अभी इस मामले में रैगिंग जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार आरोपित छात्रा ने प्रशासन को बताया है कि छात्रा ने प्रशासन से समस्याओं को लेकर सीधे शिकायत की थी। इस पर उन्हें पूरे चैनल से शिकायत करने के लिए कहा तो इस दौरान कुछ तलखी हो गई थी। इसके अलावा रैगिंग के नाम पर कुछ नहीं किया है और यह आरोप निराधार है। होस्टल में कोई भी समस्या हो तो उसे पहले प्रीफैक्ट को बताया जाता है, इसके बाद वार्डन को बताया जाता है। यदि हल न निकले तो ही इसके बाद प्रशासन के पास यह मामला लाया जाता है और उस समय यही बात कही थी। इस संबंध में विश्वविद्यालय के चीफ वार्डन प्रो. रोशन लाल जिंटा ने कहा कि मामले की शिकायत आई है और मामले की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।