Edited By Kuldeep, Updated: 14 Jul, 2025 08:16 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली-शिमला-धर्मशाला और धर्मशाला-शिमला-दिल्ली हवाई उड़ानों का संचालन नियमित रूप से करने का आग्रह किया है। वर्तमान में केवल 3 दिन ही हवाई सेवाएं संचालित हो रही हैं।
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली-शिमला-धर्मशाला और धर्मशाला-शिमला-दिल्ली हवाई उड़ानों का संचालन नियमित रूप से करने का आग्रह किया है। वर्तमान में केवल 3 दिन ही हवाई सेवाएं संचालित हो रही हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंटकर प्रदेश में हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
उन्होंने कहा कि नियमित उड़ाने नहीं होने से पर्यटकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने धर्मशाला नाइट लैंडिंग की सुविधा शुरू करवाने का भी आग्रह किया। उन्होंने नायडू को कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार की स्थिति की जानकारी दी और भूमि अधिग्रहण की अधिक लागत को ध्यान में रखते हुए विशेष सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पूर्व में एक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री के साथ भी इस विषय पर चर्चा कर नागरिक उड्डयन मंत्रालय से सहायता का आग्रह किया था।
उन्होंने कहा कि इस हवाई अड्डे के निर्माण से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने प्रदेश में हवाई संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 4 नए हैलीपोर्ट के निर्माण का भी अनुरोध किया। उन्होंने शिमला हवाई अड्डे के विस्तार पर भी चर्चा की और वहां की वॉच ऑवर समय सीमा को दोपहर 1 बजे से आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों की तर्ज पर शिमला में डॉर्नियर प्रकार के विमानों के संचालन का प्रस्ताव भी दिया। उन्होंने शिमला के लिए अतिरिक्त एयरलाइन ऑप्रेटर की सेवाएं प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।