HP By-Election Result: कांग्रेस ने 2 सीटों पर लहराया जीत का परचम और भाजपा का एक सीट पर कब्जा

Edited By Kuldeep, Updated: 13 Jul, 2024 11:22 PM

shimla by election result

हिमाचल प्रदेश के 3 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों में 2 पर इंडियन नैशनल कांग्रेस (कांग्रेस) और एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश के 3 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों में 2 पर इंडियन नैशनल कांग्रेस (कांग्रेस) और एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। देहरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी व सी.एम. सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के होशियार सिंह को 9399 मतों से पराजित किया। देहरा में कांग्रेस को 57.94 फीसदी वोट पड़े, जबकि भाजपा को 41.3 फीसदी वोट पड़े। इसी तरह हमीरपुर में भाजपा के आशीष शर्मा ने कांग्रेस के डॉ. पुष्पिंदर वर्मा को 1571 वोटों से पराजित किया। हमीरपुर में भाजपा को 51.23 फीसदी तथा कांग्रेस को 48.25 फीसदी वोट मिले। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप सिंह बावा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के के.एल. ठाकुर को 8990 मतों से पराजित किया। नालागढ़ में कांग्रेस को 46.43 फीसदी तथा भाजपा को 34.37 फीसदी वोट मिले।

विधानसभा क्षेत्र देहरा
कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की कमलेश ठाकुर को 32,737, भाजपा के होशियार सिंह को 23,338 और निर्दलीय प्रत्याशी सुलेखा देवी को 171, अरुण अंकेश स्याल को 67 तथा एडवोकेट संजय शर्मा को 43 मत प्राप्त हुए, जबकि 150 ने नोटा को चुना। यहां पर 2 निर्दलीय प्रत्याशियों से अधिक नोटा को वोट मिले।

विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर
हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के आशीष शर्मा को 27,041, कांग्रेस के डॉ. पुष्पिंदर वर्मा को 25,470 तथा निर्दलीय प्रत्याशी नंद लाल शर्मा को 74 मत प्राप्त हुए, जबकि 198 ने नोटा को चुना। हमीरपुर में निर्दलीय प्रत्याशी से दोगुने से अधिक वोट नोटा को पड़े।

विधानसभा क्षेत्र नालागढ़
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा को 34,608, भाजपा के.एल. ठाकुर को 25,618, निर्दलीय प्रत्याशी हरप्रीत सिंह सैनी को 13,025, स्वाभिमान पार्टी के किशोरी लाल शर्मा को 492 तथा निर्दलीय प्रत्याशी विजय सिंह को 353 मत प्राप्त हुए, जबकि 446 ने नोटा को चुना। यहां पर एक निर्दलीय से अधिक वोट नोटा को पड़े।

पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार कम लोगों ने नोटा को डाले वोट
तीनों उपचुनावों में पिछले चुनावों की अपेक्षा नोटा को कम वोट पड़े। वर्ष 2022 में हुए विधानसभा आम चुनावों में देहरा में नोटा को 472, नालागढ़ में 590 तथा हमीरपुर में 246 वोट नोटा को पड़े, जबकि वर्तमान उपचुनावों में देहरा में 150, नालागढ़ में 446 और हमीरपुर में 198 वोट नोटा को पड़े हैं।

वर्ष 2012 के बाद कांग्रेस ने देहरा में खाता खोला
कांग्रेस ने वर्ष 2012 के बाद देहरा विधानसभा क्षेत्र में अपना खाता खोला है। देहरा विधानसभा क्षेत्र बनने के बाद वर्ष 2012 के चुनावों में रविंद्र सिंह रवि भाजपा टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद वर्ष 2017 व 2022 के विधानसभा चुनावों में निर्दलीय होशियार सिंह ने जीत दर्ज की थी। परिसीमन के बाद ज्वालामुखी, जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र से कुछ हिस्सों को अलग करके देहरा विधानसभा क्षेत्र बनाया था तथा पहली बार देहरा हलके में वर्ष 2012 में चुनाव हुए थे।

महिलाओं को टिकट देकर भाजपा को किया चारों खाने चित्त
उपचुनावों में कांग्रेस ने महिलाओं को टिकट देकर भाजपा को चारों खाने चित्त किया है। साथ ही उनसे महिला सशक्तिकरण का मुद्दा भी छीन लिया है। पहले 6 व फिर 3 विधानसभा के लिए हुए उपचुनावों में कांग्रेस ने 2 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारी थीं तथा दोनों ने ही अपनी जीत दर्ज की। पहले 6 विधानसभा के लिए हुए उपचुनावों में लाहौल-स्पीति से अनुराधा राणा ने जीत दर्ज की तथा अब 3 विधानसभा के लिए हुए उपचुनावों में देहरा से सी.एम. की पत्नी कमलेश ठाकुर ने जीत दर्ज की। ऐसे में अब प्रदेश विधानसभा में 3 महिला विधायक हो गई हैं। इसमें भाजपा की एक तथा कांग्रेस की 2 महिला विधायक हैं।

कांग्रेस फिर 40 के आंकड़े पर पहुंची, भाजपा की सदस्य संख्या 28
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस फिर से 40 सदस्यों के आंकड़े पर पहुंच गई है। यानी कांग्रेस को 6 बागियों के जाने से जो नुक्सान हुआ था, उसकी सत्तारूढ़ दल ने 2 उपचुनाव में भरपाई कर ली है। यानी पहले उपचुनाव में कांग्रेस सदस्य संख्या 34 से बढ़कर 38 और अब 38 से बढ़कर 40 हो गई है। इन 2 उपचुनावों से भाजपा को जरूर 3 सीटों का फायदा हुआ है तथा उसकी सदस्य संख्या अब 25 से बढ़कर 28 हो गई है। दल बदल की इस राजनीति में भाजपा की सदस्य संख्या में 3 की वृद्धि होने के अलावा दूसरा फायदा यह भी हुआ है कि राज्यसभा चुनाव में उसे क्राॅस वोटिंग के कारण जीत मिली है।

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!