Edited By Vijay, Updated: 23 Apr, 2026 11:51 AM

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बडफर इलाके में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बडफर इलाके में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता छात्रा जब स्कूल से अपने घर की ओर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक युवक ने उसे रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के अनुसार आरोपी युवक नशे की हालत में था। युवक ने न केवल छात्रा के साथ छेड़छाड़ की, बल्कि जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो उसने उस पर पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से चोटिल हो गई। घायल छात्रा को उपचार के लिए तुरंत आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहाँ उसे चिकित्सा सहायता दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही संजौली थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून की विभिन्न धाराओं के तहत जांच को आगे बढ़ा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए नियमानुसार उसकी सुरक्षा और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। मामले की कानूनी प्रक्रिया के तहत छात्रा के बयान जल्द ही अदालत में दर्ज करवाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशे की हालत में महिलाओं या नाबालिगों के साथ इस तरह के अपराधों पर विभाग सख्त रुख अपना रहा है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि इस घटना के कई पहलू सामने आए हैं और पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज कराए जाएंगे और उसके बाद ही आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने युवक द्वारा किए गए इस कृत्य की कड़ी भर्त्सना की है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में नशेड़ियों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें