Solan: भाजपा प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने साधा कांग्रेस सरकार पर निशाना, CM सुक्खू से पूछे ये तीखे सवाल

Edited By Vijay, Updated: 20 Mar, 2026 05:46 PM

rajender rana targets congress government poses these sharp questions to cm

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता और पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने शहर के सर्किट हाऊस में प्रैस कॉन्फ्रैंस करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखे सियासी तीर छोड़े हैं।

सोलन (ब्यूरो): प्रदेश भाजपा प्रवक्ता और पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने शहर के सर्किट हाऊस में प्रैस कॉन्फ्रैंस करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखे सियासी तीर छोड़े हैं। राणा ने सरकार पर भ्रष्टाचार, वित्तीय कुप्रबंधन और भाई-भतीजावाद के गंभीर आरोप लगाते हुए कई सनसनीखेज सवाल खड़े किए हैं। राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुक्खू से सीधा सवाल किया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान वह दिल्ली के एक होटल में 23 घंटे तक क्यों रुके रहे? उन्होंने पूछा कि सीएम जनता को बताएं कि उस दौरान वहां क्या डील हुई। राणा ने सवाल उठाया कि जब दिल्ली में मुख्यमंत्री के ठहरने के लिए हिमाचल सदन में विशेष आवास मौजूद है, तो होटल में रात गुजारने की क्या जरूरत थी? उन्होंने आरोप लगाया कि होटल का कमरा किसी और के नाम पर बुक था। मुख्यमंत्री स्पष्ट करें कि रात के अंधेरे में वहां उनसे मिलने कौन-कौन लोग आए थे।

हिमाचल में आर्थिक इमरजैंसी जैसे हालात, कर्मचारियों की सैलरी पर 30% तक कट लगने की चर्चा
प्रदेश की माली हालत पर हमला बोलते हुए राजेंद्र राणा ने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल के कार्यकाल में सुक्खू सरकार ने 41 हजार करोड़ रुपए का कर्ज ले लिया है। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश पर कुल कर्जा 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जिससे राज्य में आर्थिक इमरजैंसी जैसे हालात पैदा हो गए हैं। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि कर्मचारियों को डीए और अन्य लाभांश तो दूर की बात, अब सचिवालय में चर्चा है कि सरकार आने वाले दिनों में क्लास-वन से लेकर फोर्थ क्लास (चतुर्थ श्रेणी) तक के कर्मचारियों और अधिकारियों के मासिक वेतन में 10 से 30 प्रतिशत तक की भारी कटौती कर सकती है।

बेनामी सौदों में मुख्यमंत्री का जिला भी अछूता नहीं
राजेंद्र राणा ने कहा कि ओडीआई लिस्ट में कुछ और अधिकारी भी शामिल हैं, जो टॉप सीटों पर बैठे हैं। मुख्यमंत्री उन्हें भी हटाने की  ताकत दिखाते। राणा ने आरोप लगाया कि हिमाचल में बड़े पैमाने पर बेनामी सौदे हो रहे हैं और मुख्यमंत्री का अपना गृह जिला हमीरपुर भी इससे अछूता नहीं है। सीएम पर मित्रों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग कल तक साधारण कारों में घूमते थे, आज वे आलीशान कोठियों के मालिक बन गए हैं।

कैबिनेट रैंक घटाने को बताया ड्रामा
राजेंद्र राणा ने तंज कसते हुए कहा कि पहले तो रेवड़ियों की तरह मित्रों को पद बांटे गए और अब कैबिनेट रैंक का दर्जा घटाकर सरकार सिर्फ ड्रामा कर रही है। सरकार ने प्रदेश का भारी नुक्सान कर दिया है और अब जनता इसका हिसाब मांग रही है।

हिमाचल में तीसरे मोर्चे का कोई वजूद नहीं
प्रैस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा तीसरे फ्रंट को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र राणा ने स्पष्ट किया कि हिमाचल में तीसरे मोर्चे का कोई वजूद नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में पहले भी तीसरा मोर्चा बना था जो सफल नहीं हुआ। यह पूछे जाने पर कि तीसरे फ्रंट में भाजपा के ही बागी हैं तो राणा ने कहा कि अभी तो तीसरे फ्रंट का जन्म ही नहीं हुआ है, हालांकि लोकतंत्र में किसी को भी, कहीं भी बैठकर राजनीतिक चर्चा करने का पूरा अधिकार है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!