Edited By Vijay, Updated: 08 May, 2022 11:55 PM

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को बद्दी में विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के 9वें त्रैवार्षिक साधारण अधिवेशन में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 2 लाख से अधिक कर्मचारी तथा इतनी ही संख्या में पैंशन भोगी हैं। 40 हजार से अधिक...
बद्दी (ठाकुर): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को बद्दी में विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के 9वें त्रैवार्षिक साधारण अधिवेशन में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 2 लाख से अधिक कर्मचारी तथा इतनी ही संख्या में पैंशन भोगी हैं। 40 हजार से अधिक आऊटसोर्स कर्मचारी भी सेवाएं दे रहे हैं। ये सभी पूर्व एवं वर्तमान कर्मचारी प्रदेश को विकास पथ पर अग्रसर करने में सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की उचित मांगों को पूरा कर रही है। सरकार सदैव कर्मचारियों की समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रयत्नशील रहेगी। विद्युत बोर्ड से संबंधित कर्मचारी विषम परिस्थितियों में भी अपने कार्य को पूर्ण ईमानदारी एवं दक्षता के साथ करते हैं। सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि कार्य के दौरान दुर्घटनाओं इत्यादि में कमी लाई जाए। विद्युत बोर्ड द्वारा सभी कर्मियों को सुरक्षा किट प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों का शत-प्रतिशत विद्युतिकरण किया गया है। प्रदेश में 26 लाख विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। स्मार्ट सिटी योजना के तहत शिमला व धर्मशाला शहर में 1 लाख 24 हजार स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। विद्युत बोर्ड में विभिन्न पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। गत 4 वर्षों में 4052 पदों पर भर्तियां की गई हैं। तकनीकी वर्ग में गत 4 वर्षों में 3069 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। प्रदेश के आऊटसोर्स कर्मचारियों के हित में राज्य में पहली बार एक समिति का गठन किया गया है। पैंशन मामले पर भी मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को सुलझाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि विद्युत बोर्ड सब स्टेशन अटैंडैंट के पद पर कार्यरत नॉन आईटीआई कर्मचारियों के लिए पदोन्नति सेवा काल को 10 वर्ष से घटाकर 7 वर्ष किया जाएगा। टीमेट पद से जूनियर शब्द को हटाने के विषय पर विचार-विमर्श के उपरांत निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने भी अपने विचार रखे। राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष दुनी चंद ने बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों की जानकारी दी और शीघ्र इन्हें सुलझाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के उत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री पवन, प्रदेशाध्यक्ष मदन राणा, नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर, प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, जिला भाजपा सोलन के अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, श्री कांत, मेलाराम चंदेल, भाजपा मंडल दून के अध्यक्ष बलबीर ठाकुर, जिप सदस्य अमर चंद, देव राज चौधरी, बलविंदर ठाकुर, डीआर चंदेल, प्रदेश विद्युत बोर्ड के प्रबंध निदेशक पंकज डडवाल विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण कापटा, संयोजक सुनील शर्मा, महामंत्री नेक राम ठाकुर, अतिरिक्त महामंत्री देवेंद्र संधू, अन्य पदाधिकारी, एसपी बद्दी मोहित चावला, एडीसी सोलन जफर इकबाल, एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल, रोबिन बेंसल, प्रताप राणा, संजीव गिरि, हरमेल चौधरी, तरसेम चौधरी, निर्मल ठाकुर व विद्युत बोर्ड के कर्मचारी उपस्थित थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here