Edited By Kuldeep, Updated: 04 Jan, 2026 07:12 PM

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने मनरेगा की आत्मा को ही मार दिया है व इस अभियान के सही उद्देश्य को समाप्त कर दिया है।
नादौन (जैन): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने मनरेगा की आत्मा को ही मार दिया है व इस अभियान के सही उद्देश्य को समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि पहले पंचायतें मांग करती थीं और मांग के अनुसार पूरा धन केंद्र से आता था, परंतु अब राज्यों के हाथ में कुछ नहीं छोड़ा गया है। अब नई व्यवस्था में भारत सरकार फंड देगी और राज्यों को तय करना होगा कि कितनी पंचायतों को धन उपलब्ध करवाना है।
इसके साथ ही केंद्र से अब 90 प्रतिशत धन मिलेगा व 10 प्रतिशत राशि राज्य सरकारों को उपलब्ध करवानी होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा सोनिया गांधी की सोच के कारण ही मनरेगा योजना आरंभ की गई थी। वहीं गत 20 वर्षों से यह योजना घर-घर पहुंची और इस योजना से कई गरीब लोगों के चूल्हे जल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले यह गारंटी थी कि केंद्र से मनरेगा का धन मिलेगा परंतु अब भरोसा नहीं है कि यह धन आएगा भी या नहीं।
भाजपा ने जनमंचों पर खर्च किए 50 करोड़ रुपए, फिर भी नहीं हुए लोगों के काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सांसदों को प्रदेश हित में आवाज उठानी चाहिए। वहीं प्रदेश सरकार इस संबंध में जनता की अदालत में जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के समय में हुए जन मंचों में 50 करोड़ से भी अधिक राशि खर्च की गई और इसमें लोगों के काम भी नहीं हुए। उस समय मंच से ही अधिकारियों को भी डांटा जाता था। उन्होंने बी.पी.एल. परिवारों के संबंध में कहा कि पंचायतों में एक सर्वेक्षण करवाया जा रहा है, ताकि पता चल सके कि किन लोगों को लाभ मिला है व किन लोगों को लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि स्टेज वन में कुछ आंकड़े सरकार के पास आए हैं, जबकि स्टेज 2 का सर्वेक्षण चल रहा है।
उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी व्यक्ति का नाम बीपीएल से नहीं काटा गया है और उन्हें समस्त सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नादौन में बन रहे मैडीकल कालेज में सुपर स्पैशलिटी के लिए उन्होंने 300 करोड़ रुपए की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह के धाम नादौन की पंचायतों में बनाए जा रहे हैं, ऐसे ही धाम वृद्ध लोगों की सुविधा के लिए प्रदेश की समस्त पंचायतों में बनाना उनका लक्ष्य है।