Edited By Vijay, Updated: 19 Aug, 2023 05:23 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह द्वारा सांसदों पर दिए गए बयान पर शनिवार को पत्रकार वार्ता में सांसद सुरेश कश्यप ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान यूपीए गठबंधन लगातार वॉकआऊट करता रहा, जिसके चलते हिमाचल में आई आपदा के सवाल नहीं...
नाहन (आशु): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह द्वारा सांसदों पर दिए गए बयान पर शनिवार को पत्रकार वार्ता में सांसद सुरेश कश्यप ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान यूपीए गठबंधन लगातार वॉकआऊट करता रहा, जिसके चलते हिमाचल में आई आपदा के सवाल नहीं उठा पाए। कांग्रेस ने मणिपुर हिंसा पर संसद चलने ही नहीं दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आपदा के समय प्रदेश सरकार की पूरी सहायता कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आपदा के समय अब तक एक बार भी सर्वदलीय बैठक क्यों नहीं बुलाई। सिर्फ मीडिया में बयानबाजी कर रहे हैं कि केंद्र सरकार से कोई सहायता राशि नहीं मिली।
सिरमौर में आई आपदा के लिए अभी तक नहीं दिया आर्थिक पैकेज
सुरेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, लेकिन सिरमौर में आई आपदा के लिए अभी तक कोई आर्थिक पैकेज नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि जब से हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनी है, तब से यह गुटों में बंटी हुई है। मुख्यमंत्री ने अपनी सांसद व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर निशाना साधने के लिए भाजपा सांसदों को अपना हथियार बनाया है। उन्होंने अपनी सांसद से नहीं पूछा कि क्या उन्होंने एक बार भी केंद्रीय सरकार के समक्ष हिमाचल में आई आपदा के संबंध में कोई बात की।
राहत राशि की हो रही बंदरबांट
सांसद ने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा दी गई राहत राशि की बंदरबांट की जा रही है। सरकार हारे-नकारे कांग्रेसी नेताओं के हाथ राहत सामग्री पकड़वाकर अपने चहेतों और चुनिंदा लोगों को बांट रही है।
फील्ड में क्यों नहीं दिख रहे डिप्टी सीएम
सुरेश कश्यप ने डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बड़े आश्चर्य की बात है कि डिप्टी सीएम आपदा की घड़ी में कहीं भी फील्ड में दिखाई नहीं दे रहे हैं। वह सोए हुए हैं और जनता आपदा से त्रस्त है। डिप्टी सीएम अपने गृह क्षेत्र के अलावा किसी दूसरे कोने में दिखाई नहीं दे रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस गुटों में बंटी हुई है और आपदा में अवसर ढूंढकर राजनीति कर रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here