Edited By Kuldeep, Updated: 11 Mar, 2026 06:52 PM

पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को थुनाग में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत 2 दिवसीय कार्यशाला के समापन सत्र में कार्यकर्त्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए संगठन की मजबूती,...
मंडी (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को थुनाग में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत 2 दिवसीय कार्यशाला के समापन सत्र में कार्यकर्त्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए संगठन की मजबूती, सिद्धांतों और विचारधारा पर मार्गदर्शन किया। राज्य की कांग्रेस सरकार पर उन्होंने तंज कसा कि अब इस सरकार की विफलता की चर्चा करना भी गौण लगने लगा है, क्योंकि प्रदेश के हर चौराहे और गली में लोग इनकी कार्यप्रणाली और नालायकी की बातें कर रहे हैं। जयराम ठाकुर कहा कि हाल ही में नाचन दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हीं संस्थानों का उद्घाटन किया, जिन्हें भाजपा सरकार ने शुरू किया था और उनके स्वयं के कार्यकाल की उपलब्धि के नाम पर मात्र 8 लाख का एक भवन है। इस भवन की लागत इतनी कम है कि हमारे समय में ऐसे भवनों का शिलान्यास या उद्घाटन ग्राम प्रधान स्तर पर ही कर दिया जाता था।
राजस्व घाटा अनुदान और मनरेगा को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को खारिज करते हुए जयराम ठाकुर ने आंकड़ों के साथ स्पष्ट किया कि अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के 10 वर्षों के कार्यकाल में हिमाचल को 2 वित्त आयोगों के तहत मात्र 18,000 करोड़ रुपए की आरडीजी मिली थी, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2015 से 2025 के बीच प्रदेश को रिकार्ड 89,370 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं, जो कांग्रेस के समय से 72,000 करोड़ रुपए अधिक हैं।
कार्यकर्त्ता झूठे और नकारात्मक प्रचार का दें मुंहतोड़ जवाब
जयराम ने ग्रामीण विकास की योजनाओं और बजट प्रावधानों पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि पारदर्शिता बढ़ाने के लिए वी.बी.जी.राम.जी में किए गए बदलावों को कांग्रेस योजना बंद होने के रूप में प्रचारित कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि बजट में सवा लाख करोड़ का भारी-भरकम प्रावधान रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं का आह्वान किया कि वे कांग्रेस के इस झूठे और नकारात्मक प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें।