Edited By Vijay, Updated: 25 Feb, 2026 07:36 PM

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का श्रेय लूटने की राजनीति कर रही है....
सुंदरनगर (सोढी): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का श्रेय लूटने की राजनीति कर रही है और तथ्यों को तोड़ मरोड़कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय सुंदरनगर में मीडिया के साथ बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि जिन योजनाओं में केंद्र सरकार का प्रमुख वित्तीय और नीतिगत योगदान है, उनमें भी राज्य सरकार खुद को आगे दिखाने की कोशिश कर रही है।
जयराम ठाकुर ने विशेष रूप से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 9 से 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने वाला यह अभियान पूरी तरह केंद्र सरकार की पहल है, जिसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय संचालित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपने प्रचार और विज्ञापनों में केंद्र सरकार के योगदान को जानबूझकर नजरअंदाज कर रही है, जो राजनीतिक संकीर्णता को दर्शाता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को विशेष श्रेणी राज्य का दर्जा प्राप्त होने के कारण इस अभियान के कुल खर्च का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार वहन कर रही है, जबकि राज्य का योगदान केवल 10 प्रतिशत है। इसके बावजूद सुक्खू सरकार प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार को उचित श्रेय देने से बच रही है। नेता प्रतिपक्ष ने इसे कांग्रेस सरकार की कृतघ्नता और राजनीतिक दिवालियापन करार देते हुए कहा कि बेटियों के स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर भी राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
जयराम ठाकुर ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रदेश की जनता सबकुछ देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार को नसीहत दी कि वह राजनीतिक शिष्टाचार का पालन करे, केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत बनाए और जनहित के मुद्दों पर पारदर्शिता बरते। इस मौके पर विधायक राकेश जम्वाल भी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here