Edited By Kuldeep, Updated: 03 Mar, 2026 08:50 PM

रिवालसर के नजदीक सरकीधार गांव में एक 78 वर्षीय ओजे छूकी नामक बौद्ध भिक्षुणी का शव संदिग्ध हालत में मिला है। शव की हालत को देखते हुए हत्या की आशंका जताई गई है।
रिवालसर: रिवालसर के नजदीक सरकीधार गांव में एक 78 वर्षीय ओजे छूकी नामक बौद्ध भिक्षुणी का शव संदिग्ध हालत में मिला है। शव की हालत को देखते हुए हत्या की आशंका जताई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर पुलिस ने कई अहम जानकारियां जुटाई हैं और आसपास की सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया है। वहीं फोरैंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में फोटोग्राफ व अन्य कई नमूने एकत्रित किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार बौद्ध भिक्षुणी पिछले कई वर्षों से सरकीधार स्थित नैना देवी जंगल में बनी बौद्ध गोंपा के नजदीक एक कुटिया में अकेले रहती थी तथा पूजा-पाठ में व्यस्त रहकर अपना जीवन-यापन कर रही थी। लेकिन मंगलवार को उसका शव उसी की कुटिया के अंदर मिला। बताया गया है कि उसकी गर्दन और सिर पर गहरे घाव थे। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों पता चल पाएगा। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।