Edited By Kuldeep, Updated: 02 Mar, 2026 07:36 PM

छोटी काशी मंडी में सोमवार को होली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया, लेकिन इस उल्लास के बीच कुछ शरारती तत्वों ने उत्पात मचाया।
मंडी (रजनीश): छोटी काशी मंडी में सोमवार को होली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया, लेकिन इस उल्लास के बीच कुछ शरारती तत्वों ने उत्पात मचाया। शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच परिसर में हुड़दंगियों ने उत्पात मचाया, जिसके दौरान एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सेरी मंच पर जब हजारों की भीड़ डीजे की धुनों पर थिरक रही थी, उसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया। इस बीच एक युवती के सिर पर गहरी चोट आई और वह लहूलुहान हो गई।
घायल युवती को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। हुआ यूं कि जब होली के जश्न में सभी व्यस्त थे तो बीच में किसी ने रंग स्प्रे करने वाला छोटा सिलैंडर हवा में फैंक दिया। इसके बाद वह सिलैंडर एक युवती के सिर पर जा गिरा। इससे युवती के सिर पर गहरी चोट लगने से उसके सिर से खून बहने लगा। कैसे-तैसे करके युवती को भीड़ से निकाला गया और बाद में उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।