Edited By Swati Sharma, Updated: 07 Feb, 2026 04:09 PM

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) के कैंपस को नशामुक्त बनाने के दावों पर उस वक्त सवालिया निशान लग गया, जब एक प्रशिक्षु (इंटर्न) डॉक्टर लैब के भीतर शराब पीने की तैयारी करते हुए पकड़ा गया। इस घटना को लेकर...
Kangra News: हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) के कैंपस को नशामुक्त बनाने के दावों पर उस वक्त सवालिया निशान लग गया, जब एक प्रशिक्षु (इंटर्न) डॉक्टर लैब के भीतर शराब पीने की तैयारी करते हुए पकड़ा गया। इस घटना को लेकर कॉलेज प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। वहीं, संस्थान में एक छात्रा को आपत्तिजनक मैसेज भेजकर प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने अलग से मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
लैब में पैग लगाने की तैयारी, कमेटी ने दबोचा
सूत्रों के मुताबिक, आरोपित प्रशिक्षु डॉक्टर ने लैब के भीतर एक कांच के जार में शराब डाल रखी थी। वह शराब पीने की फिराक में ही था कि वहां मौजूद एक छात्रा ने उसे देख लिया और तुरंत कॉलेज प्रशासन को सूचित कर दिया। कॉलेज की अनुशासन कमेटी ने मौके पर पहुंचकर शराब को अपने कब्जे में ले लिया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी डॉक्टर को तुरंत तलब किया और गुरूवार पूरी रात जांच का दौर चलता रहा।
पुलिस और प्रशासन के बीच उलझा मामला
मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में सीधे हस्तक्षेप से इनकार कर दिया है क्योंकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कॉलेज की इंटरनल कमेटी शराब जब्त कर चुकी थी और मौके पर कोई ठोस साक्ष्य पुलिस के लिए नहीं छोड़ा गया था। अब कॉलेज प्रशासन खुद अपने स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कर रहा है।
मैसेज केस में आया नया मोड़
जांच के दौरान एक अन्य सनसनीखेज पहलू सामने आया। छात्रा सहपाठी ने आरोप लगाया कि उक्त प्रशिक्षु डॉक्टर उसे मोबाइल पर मैसेज भेजकर तंग करता है। दिलचस्प बात यह रही कि जब प्राचार्य कक्ष में पूछताछ चल रही थी, तभी छात्रा के फोन पर फिर से एक मैसेज आया, जिससे यह शक गहरा गया कि मैसेज भेजने वाला कोई और है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि शराब को पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया गया था और इस मामले की आगे की कार्रवाई कॉलेज प्रशासन द्वारा देखी जा रही है। वहीं, मोबाइल फोन पर गलत संदेश भेजने की शिकायत भी पुलिस को दी गई है। दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई पुलिस ही बता सकती है।"
क्या बोले कांगड़ा के डीएसपी?
कांगड़ा के डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि जब तक पुलिस की टीम मेडिकल कॉलेज कैंपस पहुंची, उससे पहले ही कॉलेज प्रशासन की आंतरिक अनुशासनात्मक कमेटी ने प्रशिक्षु डॉक्टर से शराब जब्त कर ली थी। चूंकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही साक्ष्य कॉलेज प्रशासन के कब्जे में थे, इसलिए वर्तमान में इस हिस्से की जांच कॉलेज प्रशासन अपनी आंतरिक नीतियों के तहत स्वयं कर रहा है। वहीं, प्रशिक्षु डाक्टर को मोबाइल फोन पर गलत संदेश भेजने के मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। इस मामले में पीछा करने और उत्पीड़न समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपित का पता जल्द ही लगा लिया जाएगा।