Edited By Swati Sharma, Updated: 17 Feb, 2026 03:32 PM

Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ‘यूएस क्लब' इलाके में तड़के सुबह सड़क पर एक तेंदुआ देखे जाने के बाद दहशत फैल गयी। बताया जा रहा है कि वह पास के जंगली क्षेत्र में आवारा कुत्तों का शिकार कर रहा था। तेंदुआ ‘शिली चौक' के पास तब दिखा, जब...
Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ‘यूएस क्लब' इलाके में तड़के सुबह सड़क पर एक तेंदुआ देखे जाने के बाद दहशत फैल गयी। बताया जा रहा है कि वह पास के जंगली क्षेत्र में आवारा कुत्तों का शिकार कर रहा था। तेंदुआ ‘शिली चौक' के पास तब दिखा, जब शिमला जल प्रबंधन निगम के कीमैन सुशील नियमित सुबह की ड्यूटी पर थे।
कुछ समय तक सड़क पर ही खड़ा रहा तेंदुआ
जाखू और लक्कड़ बाजार क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति करने वाले सुशील ने बताया कि जैसे ही वह यूएस क्लब वाले रास्ते की ओर मुड़े, एक तेंदुआ उनके सामने खड़ा दिखाई दिया। सुशील ने कहा, ' मैं दंग रह गया। तेंदुआ कुछ समय तक सड़क पर ही खड़ा रहा। तभी एक कार आयी और उसे देखकर रुक गयी। जब कार की हेडलाइट जानवर पर पड़ीं, तो वह पास की कॉलोनी की ओर भाग गया।' निवासियों ने कहा कि यूएस क्लब क्षेत्र में तेंदुए की आवाजाही बार-बार दर्ज की गयी है, जो जाखू पहाड़ियों के घने जंगलों से सटा हुआ है। पिछले हफ्ते ही कुफ्ताधार इलाके में एक तेंदुआ सीसीटीवी में घूमता हुआ कैद हो गया था।
वन विभाग ने लोगों को दी ये सलाह
स्थानीय लोगों का मानना है कि ये जंगली जानवर आवारा कुत्तों की तलाश में रिहायशी इलाकों के करीब आते रहते हैं। जाखू रिज के किनारे का शांत जंगली क्षेत्र हालांकि शहर की पारिस्थितिकी के लिए महत्वपूर्ण हैं, लेकिन यह खतरे से भी खाली नहीं है। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि तेंदुए अक्सर जंगलों से सटे इलाकों में भटक जाते हैं, खासकर रात के समय। उन्होंने निवासियों को सावधानी बरतने और अंधेरा होने के बाद अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। बार-बार तेंदुआ दिखने वाले क्षेत्रों में, यदि आवश्यक हुआ तो जानवर को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जाएंगे। बार-बार तेंदुए के दिखने से निवासियों में घबराहट बढ़ गयी है, जो आवारा कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाने और शहर के संवेदनशील इलाकों में रात की गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।