Weather Update: हिमाचल में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का सितम शुरू, लाहौल-स्पीति के ताबो में -7.4 डिग्री तक लुढ़का तापमान

Edited By Vijay, Updated: 13 Nov, 2025 08:55 PM

bone chilling cold begins in himachal

राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों में अब हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले जनजातीय इलाकों में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में कड़ाके की ठंड के कारण जलस्रोत जमने...

शिमला (संतोष): राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों में अब हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले जनजातीय इलाकों में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में कड़ाके की ठंड के कारण जलस्रोत जमने लगे हैं। झीलों, झरनों और अन्य प्राकृतिक जलधाराओं की ऊपरी परत बर्फ में तब्दील हो गई है। कई स्थानों पर सड़कों पर भी बर्फ जम रही है, जिससे वाहनों की आवाजाही खतरे में पड़ गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार की रात प्रदेश की सबसे ठंड रात बीती है। लाहौल-स्पीति जिला के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 7.4 डिग्री रहा। ताबो फिलहाल प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। इसी जिले के कुकुमसेरी में माइनस 3.3 और केलांग में माइनस 3.1 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा, जबकि किन्नौर जिला के कल्पा में न्यूनतम पारा माइनस 0.4 डिग्री सैल्सियस जा पहुंचा है।

इन इलाकाें में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे 
राज्य के एक दर्जन स्थल ऐसे हैं, जहां पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे चला हुआ है। हिल स्टेशन मनाली में न्यूनतम तापमान 2.5, सुंदरनगर में 4.5, सोलन में 2.6, भुंतर में 3.5, मनाली में 2.5, नारकंडा में 2.6, भरमौर में 4.7, रिकांगपिओ में 2.2, सेऊबाग में 2, बजौरा में 4.6 डिग्री रहा है। औसतन देखा जाए तो प्रदेश का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे चला गया है। मैदानी जिलों में भी रातें ठंडी हो गई हैं। ऊना में न्यूनतम तापमान 8, हमीरपुर में 5.6 डिग्री, नाहन में 9.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ। दिलचस्प बात यह है कि हिल स्टेशन शिमला की रातें इस समय कई मैदानी इलाकों से गर्म हैं। शिमला में बीती रात न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सैल्सियस रहा। अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने लगी है। गुरुवार को अधिकतम तापमान ऊना में 27.8 डिग्री, जबकि शिमला में 17.4 डिग्री रहा है। अधिकतम तापमान में भी सामान्य से करीब एक डिग्री की गिरावट देखी गई है।

सामान्य से 84 फीसदी कम बरसे मेघ, 19 नवम्बर  तक साफ रहेगा मौसम
राज्य में इस माह 13 दिनों में सामान्य से 84 फीसदी कम बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य रूप से 7.6 मिलीमीटर वर्षा होती है, जबकि 1.2 मिलीमीटर ही वर्षा हुई है। सिरमौर में एक बूंद भी वर्षा नहीं हुई है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में भी 51 से लेकर 99 फीसदी कम मेघ बरसे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आगामी 6 दिनों तक यानि 19 नवम्बर तक हिमाचल में मौसम साफ बना रहेगा और कहीं भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। इस कारण ठंड का असर और बढ़ने की उम्मीद है। ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे ही रहने की संभावना जताई गई है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!