Edited By Vijay, Updated: 13 Dec, 2025 06:14 PM

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नूरपुर क्षेत्र के डन्नी क्षेत्र की रहने वाली ऐशिता शर्मा का चयन भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर हुआ है।
नूरपुर (रूशांत): हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नूरपुर क्षेत्र के डन्नी क्षेत्र की रहने वाली ऐशिता शर्मा का चयन भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। ऐशिता ने अखिल भारतीय मैरिट सूची में 12वां स्थान प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के बाद से उनके गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
ऐशिता की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित एएफसीएटी परीक्षा उत्तीर्ण कर यह मुकाम हासिल किया है। ऐशिता की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी बेहद शानदार रही है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा (जमा दो तक) केंद्रीय विद्यालय चंडीगढ़ से पूरी की। इसके बाद उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के सीसीईटी कॉलेज से कम्प्यूटर साइंस में बीई की डिग्री हासिल की।
देश सेवा का जज्बा ऐशिता को विरासत में मिला है। उनके पिता राजीव शर्मा वर्तमान में भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। घर में वायुसेना के अनुशासन और देशप्रेम के माहौल ने ऐशिता को बचपन से ही प्रेरित किया। यह उनके परिवार के लिए बेहद भावुक क्षण है, क्योंकि ऐशिता के चयन के साथ ही उनके दादा कुलदीप चंद शर्मा और दादी कल्याण देवी का अपनी पोती को वायुसेना की वर्दी में देखने का सपना भी साकार हो गया है।
इस चयन के बाद अब ऐशिता शर्मा अपने नए सफर की शुरुआत करेंगी। वह जनवरी, 2026 से वायु सेना अकादमी, सिकंदराबाद (हैदराबाद) में अपना आधिकारिक प्रशिक्षण शुरू करेंगी। ऐशिता की इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों ने उनके परिवार को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।