Edited By Vijay, Updated: 15 Apr, 2026 02:08 PM

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां टनल नंबर-1 के समीप एक पिकअप जीप और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां टनल नंबर-1 के समीप एक पिकअप जीप और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में पिकअप चालक सुजल (22) निवासी गांव झमसाई, डाकघर व तहसील सरकाघाट (मंडी) ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई विजय के साथ पिकअप गाड़ी में सवार होकर सरकाघाट से नंगल की ओर जा रहे थे। शिकायतकर्ता के अनुसार जैसे ही वे टनल नंबर-1 पार करके आगे पहुंचे तो सामने से आ रही एक स्कूटी चालक अचानक तेज रफ्तार में विपरीत दिशा (गलत लेन) में आ गया और उनकी गाड़ी से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक बुरी तरह जख्मी हो गए। घायलों की पहचान नरेंद्र शर्मा,निवासी खरकड़ी (तहसील श्री नयना देवी जी) और पीछे बैठे राज कुमार निवासी ओयल (डाकघर नकराणा) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत उपचार के लिए एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया, जहाँ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पर्यटन एवं यातायात थाना भगेड़ की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने बताया कि यातायात पुलिस थाना भगेड़ द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें