Edited By Vijay, Updated: 08 Mar, 2026 07:49 PM

सिरमौर पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब क्षेत्र में एक ही दिन में दो बड़ी सफलताओं को अंजाम दिया है।
पांवटा साहिब (कपिल): सिरमौर पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब क्षेत्र में एक ही दिन में दो बड़ी सफलताओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में भारी मात्रा में नशीली दवाइयां और चिट्टा बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में उपमंडल की स्पैशल डिटैक्शन टीम को बहराल क्षेत्र में गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बेहट से 2 युवक एक हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार में नशीले पदार्थों की खेप लेकर पांवटा साहिब आ रहे थे। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाकर वाहन को रोका और तलाशी ली। इस दौरान कार से 11040 नशीले कैप्सूल और 4200 गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने मौके से आमिर और मोहम्मद नवाज दोनों निवासी मोहल्ला कस्साबन और लोहारान, बेहट व जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, दूसरे मामले में एसआईयू नाहन की टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र में एक युवक को चिट्टे के साथ पकड़ा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बडवास (जिला सिरमौर) निवासी मनोज कुमार काफी समय से चिट्टा बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मनोज कुमार की तलाशी ली, जिसके कब्जे से 8.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में केस दर्ज कर लिए गए हैं। नशीली दवाओं के मामले में दोनों आरोपियों और चिट्टा मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह नशा कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here