Sirmaur: दोगुना टोल टैक्स, टूटीं सड़कों और बिजली दरों ने तोड़ी उद्योगों की कमर! उद्यमियों ने CM सुक्खू को सुनाया अपना दर्द

Edited By Vijay, Updated: 08 Mar, 2026 06:11 PM

entrepreneurs of kalaamb told their pain to cm sukhu

औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब से जुड़ी विभिन्न प्रमुख समस्याओं के समाधान लेकर लघु उद्योग भारती कालाअम्ब-नाहन इकाई ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की।

नाहन (आशु): औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब से जुड़ी विभिन्न प्रमुख समस्याओं के समाधान लेकर लघु उद्योग भारती कालाअम्ब-नाहन इकाई ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने दोसड़का में मुख्यमंत्री को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में संगठन ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक बिजली दरें काफी अधिक हैं, जिससे उद्योगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद भी बिलों में असामान्य वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में उद्योगों के लिए बिजली की उचित दरें और विशेष टैरिफ/सबसिडी देने की मांग की गई है। इसके अलावा क्षेत्र की सड़कों की स्थिति भी उद्योगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। खराब सड़कों के कारण माल ढुलाई में दिक्कतें आती हैं और परिवहन लागत भी बढ़ जाती है। समय और मशीनरी की हानि हो रही है। संगठन ने सड़कों की शीघ्र मुरम्मत और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। इसके अलावा बाहरी वाहनों पर टोल टैक्स लगभग दोगुना किए जाने से लॉजिस्टिक लागत में भारी वृद्धि हुई है, जिससे उद्योगों की प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो रही है। संगठन ने इस बढ़ौतरी पर पुनर्विचार करने अथवा उद्योगों के लिए राहत देने की मांग की है।

इसके साथ ही संगठन ने औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था न होने की समस्या भी सामने रखी गई है। कई उद्योगों को पीने और उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था स्वयं करनी पड़ रही है। यदि क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तो उद्योगों के साथ श्रमिकों को भी राहत मिलेगी। औद्योगिक क्षेत्र में कई स्थानों पर ड्रेनेज और सफाई व्यवस्था की कमी है। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे उद्योगों के संचालन में बाधा आती है और आर्थिक नुक्सान की आशंका बनी रहती है।

अखिल महेश्वरी ने कहा कि कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से उद्योगों को कई मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाता है तो इससे उद्योगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में निवेश व रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि इन समस्याओं के समाधान बारे उचित कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर लघु उद्योग भारती के महासचिव धान सिंह, कोषाध्यक्ष केसी पारिक, उपाध्यक्ष राजीव तिवारी, संयुक्त सचिव रितेश अग्रवाल, कानूनी सलाहकार नवरतन देव, महामंत्री अश्वनी गर्ग, अंकुश व सचिन चौधरी समेत सदस्य मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!