Edited By Swati Sharma, Updated: 11 Feb, 2026 04:25 PM

Bilaspur News: हिमाचल के बिलासपुर शहर के समीपवर्ती दनोह गांव में बीती रात शातिर तस्करों ने चंदन के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाकर वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने एक साथ करीब 10 से 15 चंदन के पेड़...
Bilaspur News: हिमाचल के बिलासपुर शहर के समीपवर्ती दनोह गांव में बीती रात शातिर तस्करों ने चंदन के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाकर वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने एक साथ करीब 10 से 15 चंदन के पेड़ काटकर उनकी कीमती लकड़ी पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों में पहुंचे, तो वहां पेड़ों के ठूंठ देखकर सन्न रह गए।
अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम
तस्करों ने इस पूरी वारदात को बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दिया। रात के सन्नाटे का लाभ उठाते हुए एक दर्जन से अधिक पेड़ों को काटकर वे आसानी से रफूचक्कर हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चंदन चोरी की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, जिससे कीमती वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों के कटने से स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति खासा रोष है। ग्रामीणों ने विभाग की गश्त और निगरानी पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि तस्करों के नेटवर्क को जल्द से जल्द तोड़ा जाए।
मामला दर्ज
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके का मुआयना किया है। अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है और भविष्य में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया गया है।