Edited By Vijay, Updated: 27 Mar, 2026 04:18 PM

मानपुरा क्षेत्र के बिरला उद्योग में काम करने वाले एक 20 वर्षीय युवक ने वीरवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना उद्योग की आवासीय कालोनी में घटी, जहां वह अपने 2 भाइयों के साथ रहता था।
मानपुरा (बस्सी): मानपुरा क्षेत्र के बिरला उद्योग में काम करने वाले एक 20 वर्षीय युवक ने वीरवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना उद्योग की आवासीय कालोनी में घटी, जहां वह अपने 2 भाइयों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि कामगार पिछले काफी समय से इस उद्योग में अपनी सेवाएं दे रहा था। वीरवार की रात को उसके दोनों भाई नाइट ड्यूटी पर फैक्टरी गए हुए थे और वह कमरे में अकेला था। इसी दौरान उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
बिरला उद्योग के जीएम हितेंद्र तिवारी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही सबसे पहले स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जीएम तिवारी ने स्पष्ट किया कि मृतक कामगार के अंतिम संस्कार का सारा खर्च कंपनी प्रबंधन वहन करेगा। इसके अलावा कामगार को मिलने वाले सभी देय लाभ भी उसके परिवार वालों को दिए जाएंगे।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी अशोक वर्मा ने कहा कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस की टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि युवक ने इतना बड़ा कदम किन कारणों से उठाया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें