Edited By Vijay, Updated: 05 Dec, 2025 06:51 PM

हिमाचल में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन सुबह व शाम कड़ाके की ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। वहीं शिंकुला दर्रे सहित बारालाचा दर्रे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह बर्फ के फाहे गिरे।
शिमला/मनाली (ब्यूरो/सोनू): हिमाचल में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन सुबह व शाम कड़ाके की ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। वहीं शिंकुला दर्रे सहित बारालाचा दर्रे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह बर्फ के फाहे गिरे। लाहौल-स्पीति सहित मनाली घाटी में बादल छाए रहे। बादल छाने के कारण मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की उम्मीद बंधी थी, लेकिन बाद में मौसम साफ हो गया।
शुक्रवार को हल्के बादलों के बीच मनाली-लेह मार्ग सहित शिंकुला-जांस्कर मार्ग पर यातायात सुचारू रहा। हालांकि शिंकुला दर्रे में वाहनों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी, लेकिन 7 दिसम्बर से मनाली-लेह मार्ग आधिकारिक तौर पर बंद हो जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में सबसे कम तापमान ताबो में -8.3 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान पांवटा साहिब में 25 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बीते 24 घंटों में बिलासपुर में घना कोहरा, जबकि मंडी के कुछ क्षेत्रों में हल्का कोहरा दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक घाटी क्षेत्रों व जलाशयों के आसपास के इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही विभाग ने 7 दिसम्बर को ऊंचाई वाले इलाकों जैसे चम्बा, कुल्लू और कांगड़ा के उच्च क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी के संभावना जताई है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी 7 व 8 दिसम्बर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके अतिरिक्त आगामी 7 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा।