Weather Update: हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम, गरज के साथ बिजली गिरने व बारिश-बर्फबारी का यैलो अलर्ट

Edited By Vijay, Updated: 02 Nov, 2025 07:50 PM

weather update

हिमाचल में एक बार फिर से मौसम बिगड़ेगा। 4 नवम्बर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा और ऐसे में 4 व 5 नवम्बर को एक-दो स्थानों पर....

शिमला (संतोष): हिमाचल में एक बार फिर से मौसम बिगड़ेगा। 4 नवम्बर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा और ऐसे में 4 व 5 नवम्बर को एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की संभावनाओं के साथ बारिश व बर्फबारी की संभावनाएं हैं और इसके लिए यैलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 नवम्बर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा व मंडी, जबकि 5 नवम्बर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला व सोलन में यैलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि इसके बाद 6 से 8 नवम्बर तक फिर से मौसम साफ व शुष्क बना रहेगा। 

बेशक आजकल मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऊना में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, शिमला में 20.6 डिग्री सैल्सियस रहा, जबकि राजधानी शिमला की रातें इन दिनों निचले क्षेत्रों से भी गर्म हो गई हैं और ऊना, कांगड़ा के मुकाबले सर्द चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार रात से रविवार सुबह तक शिमला का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। यह तापमान मैदानी जिला हमीरपुर और सोलन से भी ऊपर रहा। हमीरपुर में रात का पारा 12.9 डिग्री और सोलन में 10.3 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में शिमला के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज की गई है, जिससे राजधानी में ठंड का असर फिलहाल कम हुआ है।

राज्य के जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में आ रही गिरावट से ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति जिला के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। इसी जिले के ताबो में माइनस 0.8 डिग्री और केलांग में 0.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान 4.8 और रिकांगपिओ में 7.8 डिग्री रहा। राज्य के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सैल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!