Edited By Vijay, Updated: 17 Oct, 2019 10:31 PM
पहाड़ पर पंजाबी गबरू हांफ गए। टैरिटोरियल आर्मी की पंजाब रैजीमेंट के लिए पालमपुर में आयोजित भर्ती रैली के पहले दिन लगभग 10 प्रतिशत अभ्यर्थी ही दौड़ के पैमाने पर खरे उतरे हैं। पहले दिन भर्ती प्रक्रिया पंजाब के अनेक जनपदों से संबंधित व्यक्तियों के लिए...
पालमपुर (भृगु): पहाड़ पर पंजाबी गबरू हांफ गए। टैरिटोरियल आर्मी की पंजाब रैजीमेंट के लिए पालमपुर में आयोजित भर्ती रैली के पहले दिन लगभग 10 प्रतिशत अभ्यर्थी ही दौड़ के पैमाने पर खरे उतरे हैं। पहले दिन भर्ती प्रक्रिया पंजाब के अनेक जनपदों से संबंधित व्यक्तियों के लिए आयोजित की गई। भर्ती के लिए लगभग 1400 अभ्यर्थी पहुंचे, जिनमें से लगभग 150 दौड़ के निर्धारित मानदंडों के पात्रता को प्राप्त कर सके। टैरिटोरियल आर्मी के लिए भर्ती रैली का आयोजन पालमपुर में किया गया। कृषि विश्वविद्यालय मैदान में 24 अक्तूबर तक यह भर्ती रैली पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली तथा चंडीगढ़ के लिए की जा रही है।
एक दिसम्बर को आयोजित होगी लिखित परीक्षा
150 इंफैंटरी बटालियन पंजाब द्वारा सोल्जर सामान्य ड्यूटी के लिए 132, क्लर्क स्टाफ ड्यूटी के लिए 4, हाऊस कीपर, मैस कीपर के एक-एक, सैफ कम्युनिटी के 2, हेयर डै्रसर व टेलर के एक-एक पदों के लिए यह भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। फिजिकल तथा मैडीकल टैस्ट में खरे उतरने वाले अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा एक दिसंबर को आयोजित की जाएगी। सोल्जर सामान्य ड्यूटी की भर्ती के लिए प्रथम दिन पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, बरनाला, भटिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, फजलिका, जालंधर, कपूरथला तथा लुधियाना केअभ्यर्थियों ने भाग लिया।
अब पंजाब और हिमाचल के अभ्यर्थियों की बारी
18 अक्तूबर को पंजाब के शेष अन्य जनपदों के अभ्यर्थी भर्ती रैली में भाग ले सकते हैं जबकि 19 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश के चम्बा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू व मंडी जनपदों के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। मेजर दिनेश शर्मा ने बताया कि टैरिटोरियल आर्मी के लिए भर्ती रैली 24 अक्तूबर तक आयोजित की जा रही है। पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों के लिए 1 दिसम्बर को लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।