Edited By Swati Sharma, Updated: 05 Mar, 2026 01:47 PM

Mandi News: हिमाचल प्रदेश में बिजली के स्मार्ट मीटरों को लेकर मचा बवाल अब और गहरा गया है। ताजा मामला मंडी जिले के चैलचौक से सामने आया है, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक को 92,746 रुपए का भारी-भरकम बिजली बिल भेज दिया गया है। इतना बड़ा आंकड़ा देखकर...
Mandi News: हिमाचल प्रदेश में बिजली के स्मार्ट मीटरों को लेकर मचा बवाल अब और गहरा गया है। ताजा मामला मंडी जिले के चैलचौक से सामने आया है, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक को 92,746 रुपए का भारी-भरकम बिजली बिल भेज दिया गया है। इतना बड़ा आंकड़ा देखकर दुकानदार के होश उड़ गए हैं और पूरे क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
400 रुपये से सीधे 92 हजार पार
सटखन गांव के निवासी और मेडिकल शॉप संचालक सुनील कुमार ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी दुकान चला रहे हैं। सामान्य तौर पर उनका मासिक बिजली बिल 400 रुपये के आसपास ही रहता था। लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद आए इस बिल ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सुनील के अनुसार, सोमवार रात को उन्हें बिल का मैसेज मिला और सुबह गूगल पे पर नोटिफिकेशन देखते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता, जांच की मांग
पीड़ित दुकानदार का कहना है कि उनकी दुकान में बिजली की खपत पहले की तरह ही सामान्य है, ऐसे में अचानक इतना ज्यादा बिल कैसे आ गया...यह समझ से परे है। उन्होंने बिजली विभाग से बिल की तुरंत स्क्रूटनी करने और मीटर रीडिंग की दोबारा जांच करने की मांग की है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापार मंडल ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर का विरोध तेज
गौरतलब है कि हिमाचल के कई हिस्सों से स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की शिकायतें आ रही हैं। कांगड़ा जिले में तो भारी विरोध के चलते बिजली बोर्ड को अपने कदम पीछे खींचने पड़े हैं, जहां अब पहले चरण में केवल विद्युत कर्मचारियों के घरों में ही ये मीटर लगाने का निर्णय लिया गया है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें