Edited By Vijay, Updated: 03 Jun, 2025 07:46 PM

उत्तरी भारत की सबसे कठिनतम यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव यात्रा इस वर्ष 10 जुलाई से 23 जुलाई तक होगी। प्रशासन की ओर से यात्रा का आखिरी जत्था 23 जुलाई को रवाना किया जाएगा।
कुल्लू (ब्यूरो): उत्तरी भारत की सबसे कठिनतम यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव यात्रा इस वर्ष 10 जुलाई से 23 जुलाई तक होगी। प्रशासन की ओर से यात्रा का आखिरी जत्था 23 जुलाई को रवाना किया जाएगा। यात्रा को 5 सैक्टरों में बांटा जाएगा और यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। डीसी कुल्लू एवं श्रीखंड महादेव यात्रा ट्रस्ट की अध्यक्ष तोरुल एस. रवीश ने यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में यह बात कही। उन्होंने वीडियो काॅन्फ्रैंसिंग के माध्यम से निरमंड उपमंडल के प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
डीसी ने कहा कि बीते वर्ष आपदा से यात्रा रूट के जो रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनका मुरम्मत कार्य चल रहा है। यात्रियों के ठहराव के सभी स्थानों पर उचित आधारभूत सुविधाएं प्रदान की जा सकें, उसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य पूर्ण करें। डीसी ने यात्रा ट्रस्ट के सदस्यों, चायल व जुआगी पंचायत के व्यापारियों के साथ श्री खंड यात्रा को लेकर भी चर्चा की। ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य एवं मिल्कफैड के चेयरमैन बुद्धि सिंह ठाकुर ने यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी से सहयोग का आह्वान किया।
बैठक में डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ, तहसीलदार निरमंड रजत शर्मा, ट्रस्ट सदस्य गोविंद प्रसाद शर्मा, लोक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता मनोज कुमार, जल शक्ति विभाग अधिशासी अभियंता किशोर कुमार, बीएमओ निरमंड संजय आनंद, नायब तहसीलदार उमा दत्त व बीडीओ नरेश कुमार सहित पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ऑनलाइन होगा पंजीकरण
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने कहा कि सभी यात्रियों को पंजीकरण के बाद ही यात्रा पर रवाना किया जाएगा। यात्रियों के स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल टीमें तैनात की जाएंगी। यात्रा पंजीकरण शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्रियों से 250 रुपए का पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा, जो ऑनलाइन होगा और इस संबंध में पंजीकरण पोर्टल को कुछ दिनों में चालू किया जाएगा। यात्रा के दौरान पर्वतारोहण संस्थान का दल भी तैनात रहेगा। इसके अलावा रैस्क्यू दल भी विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे।
बेस कैंप स्थापित किए जाएंगे
प्रशासन द्वारा सिंघगाड, थाचडू, कुनशा, भीम डवारी और पार्वती बाग में बेस कैंप स्थापित किए जाएंगे। इसमें सैक्टर मैजिस्ट्रेट और उनके साथ पुलिस अधिकारी, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोही संस्थान मनाली, जल शक्ति, वन विभाग और स्वास्थ्य विभाग आदि के प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी। इन बेस कैंपों में विशेष रूप से मेडिकल स्टाफ, रैवेन्यू और रैस्क्यू टीम तैनात रहेगी।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक