Weather Update: हिमाचल में सीजन की दूसरी बर्फबारी, चम्बा में हिमस्खलन, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

Edited By Kuldeep, Updated: 22 Oct, 2025 06:37 PM

shimla weather clear

राज्य में मौसम ने करवट बदली और प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों में सीजन की दूसरी बर्फबारी दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति के कोकसर में तो 11.4 सैंटीमीटर ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई।

शिमला (संतोष): राज्य में मौसम ने करवट बदली और प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों में सीजन की दूसरी बर्फबारी दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति के कोकसर में तो 11.4 सैंटीमीटर ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई। ताजा हिमपात होने से प्रदेश के जनजातीय इलाकों के ऊंचे पर्वत सफेद चादर में लिपट गए हैं। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चम्बा और कांगड़ा जिलों की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है।

सिस्सू में भी बर्फ के फाहे गिरे, जबकि रोहतांग में सैलानियों ने ताजा बर्फबारी का खूब लुत्फ उठाया। मनाली, रोहतांग, मढ़ी और सोलंगनाला की चोटियां भी ताजा बर्फ से सफेद हो गई हैं। घाटियों में ठंडी हवाएं चलने लगी हैं और तापमान में भारी गिरावट आई है। सुबह बर्फबारी थमने के बाद बड़ी संख्या में सैलानी रोहतांग और सोलंगनाला पहुंचे, जहां उन्होंने बर्फ का खूब आनंद लिया। रोहतांग दर्रे में बर्फबारी का सिलसिला आज भी जारी रहा, जिससे पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं।

वहीं, अचानक मौसम बिगड़ने से चम्बा जिले में बड़ा हादसा हो गया। जरासू जोत क्षेत्र में हिमखंड गिरने से करीब 250 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। यह झुंड कांगड़ा जिले के भेड़पालकों का था, जो 600 भेड़-बकरियों के साथ बड़ा भंगाल से होली होते हुए कांगड़ा की ओर जा रहे थे। सौभाग्य से दोनों भेड़पालक बाल-बाल बच गए। हादसे की सूचना मिलते ही चम्बा की न्याग्रां पंचायत से एक रैस्क्यू टीम मौके पर रवाना हुई। टीम ने कठिन मौसम और फिसलन भरे रास्तों के बावजूद राहत कार्य चलाकर दोनों भेड़पालकों और शेष पशुओं को सुरक्षित निकालकर होली पहुंचाया। जिला प्रशासन ने पर्वतीय इलाकों में रह रहे लोगों और पशुपालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

आगामी एक सप्ताह तक साफ व शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार ताजा हिमपात से तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। वहीं, राजधानी शिमला, मंडी, बिलासपुर, ऊना और हमीरपुर जैसे मैदानी जिलों में दिन के समय धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने लगे। शिमला में हल्की बूंदाबांदी हुई और शाम के समय राजधानी को कोहरे के आवरण ने अपनी आगोश में समेट लिया।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार रात तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इसके बाद 23 से 28 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ बना रहेगा। विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है और अगले कुछ दिनों तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।

कहां रहा कितना अधिकतम व न्यूनतम तापमान
बुधवार को अधिकतम तापमान ऊना में 33.5 डिग्री और राजधानी शिमला में 21.8 डिग्री रिकार्ड किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बुधवार को राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। हालांकि लाहौल-स्पीति का ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 0.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में 1.8 डिग्री, कुकुमसेरी में 0.4 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में 4.9 डिग्री, जबकि शिमला में 12.6, मनाली में 7.4 और सोलन में 12.4 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!