Edited By Kuldeep, Updated: 20 Jun, 2025 10:23 PM

हिमाचल में मानसून की एंट्री 5 दिन पहले ही हो गई है। मानसून का हिमाचल में आने का समय 25 जून माना जाता है, लेकिन बीते वर्ष इसने 27 जून को प्रवेश किया था।
शिमला (संतोष): हिमाचल में मानसून की एंट्री 5 दिन पहले ही हो गई है। मानसून का हिमाचल में आने का समय 25 जून माना जाता है, लेकिन बीते वर्ष इसने 27 जून को प्रवेश किया था। शिमला सहित राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून प्रवेश कर गया है, जबकि 1-2 दिन में समूचे राज्य में सक्रिय हो जाएगा। ऐसे में मौसम विभाग ने यैलो व ऑरैंज अलर्ट जारी करते हुए हिदायतें भी दी हैं। शुक्रवार को कांगड़ा व शिमला में खूब वर्षा हुई, जबकि गुरुवार की रात्रि नाहन में जमकर मेघ बरसे। तप रहे मैदानी इलाकों में भी अब लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को जहां शिमला में 12, कांगड़ा में सर्वाधिक 65, मंडी में 4, जुब्बड़हट्टी में 7, नेरी में 1.5, बजौरा में 1 मिलीमीटर वर्षा हुई। गुरुवार रात्रि को नाहन में 9, बिजाही व पंडोह में 3-3, सराहन, पांवटा, जोगिंद्रनगर, पच्छाद, रामपुर बुशहर में 2-2, गोहर, कटौला व मंडी में 1-1 सैंटीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। ऊना में अधिकतम तापमान 33.6 व शिमला में 20.6 डिग्री रहा, जिससे अब गर्मी की तपिश पर ब्रेक लग गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 जून को ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर, शिमला और सोलन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा, 22 जून को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला, सिरमौर और सोलन में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और चम्बा, कुल्लू और मंडी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा, 23 जून को कांगड़ा और सिरमौर में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और शिमला, सोलन और मंडी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा, 24 जून को चम्बा, सिरमौर, मंडी और सोलन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है, जबकि 25 व 26 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरैंज अलर्ट जारी किया है।
बारिश के कारण यहां-यहां हुआ है नुक्सान
रुक-रुक कर चल रहे बारिश के क्रम के बाद गुरुवार रात्रि से कई जगहों पर और शुक्रवार सुबह से हिमाचल के कई हिस्सों में हुई वर्षा के कारण अब नुक्सान भी होने लगा है। शिमला जिले के जुब्बल कोटखाई में त्यूणी-हाटकोटी पर भूस्खलन के कारण मार्ग का बड़ा हिस्सा टूट गया। शिमला शहर के जतोग कैंट में भूस्खलन से एक वाहन क्षतिग्रस्त हुआ। शिमला में गुरुवार शाम से ही धुंध छाने लगी। मंडी जिले के पंडोह में शहीद इंद्र सिंह माध्यमिक स्कूल परिसर में बारिश का पूरा पानी भर गया। कांगड़ा-धर्मशाला मार्ग पर चैतड़ू के पास भूस्खलन से मार्ग बंद हो गया। यहां वाहनों को वाया शीला और सराह मार्ग से कांगड़ा भेजा गया।