Edited By Kuldeep, Updated: 09 Feb, 2025 08:08 PM
हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 2 दिन बर्फबारी की संभावना है, उसके बाद 15 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। बीती रात प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है।
शिमला (राजेश): हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 2 दिन बर्फबारी की संभावना है, उसके बाद 15 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। बीती रात प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिन के समय धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत जरूर मिल रही है लेकिन सुबह और रात के समय शीतलहर का प्रभाव जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10 और 11 फरवरी को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चम्बा, शिमला और कुल्लू जिले के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है, हालांकि अभी तक किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम में इस बदलाव के चलते राज्य में ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है।
लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में 2 सैंटीमीटर बर्फबारी
बीते 24 घंटों में लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में लगभग 2 सैंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। इस बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दी का असर बढ़ा , वहीं जनजातीय क्षेत्रों में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलांग प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां रविवार को न्यूनतम तापमान -5.5 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा ताबो में -5.3 डिग्री, कुकुमसेरी में -3.9 डिग्री और किन्नौर जिला के कल्पा में न्यूनतम तापमान .0.1 डिग्री दर्ज किया गया। मनाली और शिमला का न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9 और 7.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सैल्सियस की वृद्धि देखी गई है।
क्या कहते हैं मौसम विभाग निदेशक
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में 10 और 11 फरवरी को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। उसके बाद 12 से 15 फरवरी तक पूरे हिमाचल में मौसम साफ रहेगा। दिन के समय तापमान में मामूली बढ़ौतरी हो सकती है, लेकिन रातें अभी भी सर्द रहेंगी।