Edited By Kuldeep, Updated: 21 Mar, 2026 10:00 PM

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर मशोबरा में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के बेटे आर्यन चौहान पर जानलेवा हमले और अपहरण के प्रयास के मामले पर ढली पुलिस थाना ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर मशोबरा में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के बेटे आर्यन चौहान पर जानलेवा हमले और अपहरण के प्रयास के मामले पर ढली पुलिस थाना ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस ने नकाबपोशों की फर्जी नंबर वाली कार को बरामद कर लिया है लेकिन हमलावर अभी तक फरार चल रहे हैं।
शुक्रवार दोपहर हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद आल्टो कार को बरामद कर लिया है। शुरूआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कार पर लगी नंबर प्लेट (एचपी58 सीरीज) फर्जी थी। इससे साफ जाहिर होता है कि इस हमले की साजिश पहले से रची गई थी।
शिमला पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 311, 109, 126(2), 351, 115(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी सैल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है।