Edited By Kuldeep, Updated: 16 Jul, 2025 05:33 PM

हिमाचल के अधिकतर सस्ते राशन के डिपुओं में आधा माह बीत जाने के बाद भी सरसों तेल की सप्लाई नहीं पहुंची है।
शिमला (राजेश): हिमाचल के अधिकतर सस्ते राशन के डिपुओं में आधा माह बीत जाने के बाद भी सरसों तेल की सप्लाई नहीं पहुंची है। राजधानी शिमला सहित मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर आदि जिलों में भी तेल की सप्लाई नहीं पहुंची है। दूसरी ओर बाजारों में भी सरसों तेल के दामों में प्रति लीटर 20 रुपए तक बढ़ौतरी हो गई है। डिपुओं में तेल की सप्लाई न पहुंचने से उपभोक्ता को बाजारों से मंहगे दामों पर तेल खरीदना पड़ रहा है। है। पिछले सप्ताह जहां बाजारों में सरसों का तेल 190 रुपए प्रतिलीटर मिल रहा था, वहीं अब तेल दाम 220 रुपए प्रतिलीटर तक हो गए हैं। ब्रांडेड कंपनियों के तेल के दाम इससे भी अधिक हो सकते हैं।
प्रदेश डिपो संचालकों का कहना है कि उपभोक्ता बार-बार डिपुओं में तेल मांग रहे हैं, लेकिन जब सप्लाई ही नहीं आई है तो वह कहां से दें। जब विभाग में पता किया जा रहा है तो जानकारी मिल रही है कि सरसों तेल के टैंडर अभी नहीं हुए हैं। जैसे ही टैंडर प्रक्रिया पूरी होगी तेल गोदामों में पहुंचेगा और सप्लाई की जाएगी। उधर, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि डिपुओं में रिफाइंड तेल उपलब्ध करवाया जा रहा है। जहां रिफाइंड की सप्लाई नहीं पहुंची है वहां जल्द ही पहुंचेगी। सरसों तेल की टैंडर प्रक्रिया जारी है।
विभाग समय पर डिपुओं में उपलब्ध करवाए तेल व सभी खाद्य पदार्थ
शिमला शहर सहित प्रदेश भर के राशन उपभोक्ताओं ने प्रदेश सरकार व खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग से मांग की है कि डिपुओं में मिलने वाले राशन की सप्लाई खास कर तेल समय पर उपलब्ध करवाया जाए ताकि बाजारों से महंगे दामों पर तेल न खरीदना पड़े। डिपुओं में सरसों तेल 146 रुपए प्रतिलीटर और रिफाइंड 134 रुपए लीटर है, वहीं बाजारों में 220 रुपए तक देने पड़ रहे हैं।
अधिकांश डिपुओं में रिफाइंड तेल भी नहीं : अशोक कवि
प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेशाध्यक्ष अशोक कविन ने कहा कि विभाग तो दावे कर रहा है कि डिपुओं में रिफाइंड उपलब्ध करवाया जा रहा है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश डिपुओं में न तो रिफाइंंड है और न ही सरसों का तेल, दुकानों से लोग तेल खरीद रहे हैं। डिपुओंं में समय पर राशन न मिलने से संचालकों की कमीशन भी नहीं मिल रही है। डिपुओं में माह की 7 तारिख से पहले पूरा राशन एक साथ पहुंचाया जाए।
शिमला शहर के कई डिपुओं में चीनी व चना दाल भी नहीं पहुंची
शिमला डिपो एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र चौहान ने बताया कि जहां डिपुओं में सरसों का तेल नहीं पहुंचा है और लोग बाजारों से तेल खरीद रहे हैं। शहर के कई डिपुओं में चीनी का कोटा व दाल चना नहीं पहुंची है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि गोदामों में राशन समय से उपलब्ध करवाया जाए ताकि उपभोक्ताओं को समय से राशन उपलब्ध करवाया जा सके।