Edited By Vijay, Updated: 11 Mar, 2026 09:12 PM

चम्बा शहर के लोअर जुलाहकड़ी में एक नाबालिग लड़की ने रावी नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने स्कूल में पेपर देने के बाद यह आत्मघाती कदम उठाया।
चम्बा (काकू): चम्बा शहर के लोअर जुलाहकड़ी में एक नाबालिग लड़की ने रावी नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने स्कूल में पेपर देने के बाद यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार को एक निजी स्कूल की छात्रा पेपर देकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान छात्रा ने घर जाने की बजाय रावी नदी के रास्ते का रुख कर लिया और रावी नदी के किनारे पहुंचकर अचानक छलांग लगा दी।
छात्रा को नदी में कूदता देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। इसके अलावा दमकल व पुलिस विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। संयुक्त अभियान चलाकर छात्रा को रावी नदी से बेसुध हालत में निकाला गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा ले जाया गया, जहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया निपटाई। पुलिस ने आरंभिक जांच व परिजनों के बयान के आधार पर इस संदर्भ में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here