Edited By Kuldeep, Updated: 07 Mar, 2026 10:22 PM

जिला चम्बा की जडेरा पंचायत के कलियूं गांव में जालपा माता मंदिर में आग लगने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि समुदाय विशेष के एक नाबालिग लड़के ने आग लगा दी, जिससे माता की मूर्ति पर अर्पित पवित्र वस्त्र और चुनरी झुलस गए हैं।
चम्बा (काकू): जिला चम्बा की जडेरा पंचायत के कलियूं गांव में जालपा माता मंदिर में आग लगने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि समुदाय विशेष के एक नाबालिग लड़के ने आग लगा दी, जिससे माता की मूर्ति पर अर्पित पवित्र वस्त्र और चुनरी झुलस गए हैं। हालांकि समय रहते ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। इससे मंदिर को नुक्सान होने से बचा लिया गया। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मंदिर में आग लगने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और घटना की सूचना पुलिस थाना चम्बा को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने नाबालिग को थाने में पेश करने के लिए उसके परिजनों को निर्देश दिए। शनिवार सुबह बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्त्ता भी थाने पहुंचे और करीब 3 घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नाबालिग के परिजनों ने लिखित रूप में माफी मांग ली है और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने के लिए आश्वस्त किया है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई संजीव कुमार को जांच का जिम्मा सौंपा गया है और जांच जारी है।
बिना अनुमति चल रहे मदरसों की जांच की उठाई मांग
कलियूं गांव में मंदिर में आग लगने की घटना से लोग आहत हैं। शनिवार को क्षेत्रवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल डीसी मुकेश रेप्सवाल से मिला। इस मौके पर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसमें नागेंद्र राणा, रमेश कुमार, बलदेव, पंकज सिंह, आदित्य राणा, मुदित, अजय कुमार, लेखराज, सुरेंद्र कुमार व चंदन शर्मा ने बताया कि यह घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि धार्मिक व सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने के लिए जानबूझकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही डीसी से आग्रह किया है कि जिले में जितने भी मदरसे खोले गए हैं, उनकी जांच की जाए और बिना अनुमति चल रहे मदरसा संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिले में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसे देखते हुए प्रशासन सख्त कदम उठाए।