Edited By Vijay, Updated: 29 Sep, 2023 04:58 PM

पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की तलाश हिमाचल में भी हो रही है। इसी कड़ी में पंजाब विजिलैंस की एक टीम ने शुक्रवार को शिमला के विभिन्न स्थानों में दबिश दी।
शिमला (राक्टा): पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की तलाश हिमाचल में भी हो रही है। इसी कड़ी में पंजाब विजिलैंस की एक टीम ने शुक्रवार को शिमला के विभिन्न स्थानों में दबिश दी। सूत्रों के अनुसार टीम ने खलीनी के झंझीड़ी क्षेत्र के साथ ही कुफ्टाधार, कुफरी, फागू, कोटी, चायल, मशोबरा व अन्य संभावित ठिकानों में रेड की। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो पाई है
2 दिनों से शिमला में डटी हुई है विजिलैंस की टीम
सूचना के अनुसार बीते 2 दिनों से पंजाब विजिलैंस की टीम शिमला में डटी हुई है। गौर हो कि पंजाब के बठिंडा में एक संपत्ति की खरीद में कथित अनियमितताओं के मामले में स्थानीय अदालत ने पूर्व मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया है। इसके बाद विजिलैंस की अलग-अलग टीमें पूर्व मंत्री के संभावित ठिकानों में दबिश दे रही हैं। हिमाचल के साथ ही पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और राजस्थान में भी विजिलैंस की टीमों द्वारा दबिश दिए जाने की सूचना है।
6 लोगों के खिलाफ चल रही जांच
पंजाब विजिलैंस ब्यूरो ने कथित घोटाले में पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल सहित 6 लोगों पर धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोप यह भी है कि घोटाले के चलते सरकार को करीब 65 लाख का नुक्सान हुआ। पूर्व विधायक बठिंडा शहरी स्वरूप सिंह की शिकायत पर यह जांच चल रही है।
संपत्तियों का लगाया जा रहा पता
विजिलैंस की टीम पूर्व मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की संपत्तियों का भी पता लगा रही है। इस कड़ी में दबिश के दौरान कुछ कागजात भी खंगाले जाने की सूचना है। इसके साथ ही पूर्व मंत्री के करीबियों से भी जानकारियां जुटाने के प्रयास हो रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here