Edited By Vijay, Updated: 27 Feb, 2026 08:15 PM
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के जौणाजी में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जिसने वहां मौजूद हर शख्स को हैरान कर दिया।
सोलन (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के जौणाजी में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जिसने वहां मौजूद हर शख्स को हैरान कर दिया। बिजली गुल होने के बावजूद हजारों रुपए का बिल देख एक फरियादी का सब्र जवाब दे गया। पीड़ित ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल के सामने अपनी व्यथा सुनाते हुए यहां तक कह दिया कि बिजली बोर्ड अपनी बिजली और खंभे वापस ले जाए, वह 50 साल पहले की तरह दीया जलाकर गुजारा कर लेगा।
जानकारी के अनुसार जौणाजी में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में फरियादी दिलीप ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि उनके घर की बिजली काट दी गई है, लेकिन इसके बावजूद बिजली बोर्ड ने उन्हें 12,000 रुपए का एक बिल और 4,500 रुपए का दूसरा बिल थमा दिया है। दिलीप ने बताया कि उनका सालाना खर्च ही मात्र 15,000 रुपए है, ऐसे में वह इतना भारी-भरकम बिजली बिल कैसे भर सकते हैं।
दिलीप, जो अब सिरमौर में रहते हैं, ने बताया कि पहले उनका बिजली बिल मात्र 300 रुपए के करीब आता था, लेकिन जब से स्मार्ट मीटर लगा है, यह सुविधा उनके लिए आफत बन गई है। उन्होंने गुस्से और लाचारी में कहा कि बार-बार दफ्तरों के चक्कर काटने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। मुझे न तो बिजली चाहिए और न ही अपनी जमीन में खड़ा वह पोल, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकता है। बोर्ड अपना मीटर और पोल उखाड़ ले जाए, मैं 50 साल पहले की तरह दीया जला लूंगा।
दिलीप की शिकायत सुनने के बाद मौके पर मौजूद बिजली बोर्ड के अधिकारी राहुल वर्मा ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में अभी आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिल की जांच की जाएगी और 4 मार्च को मौके का मुआयना कर समस्या का समाधान किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने भी संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द इस मामले को निपटाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने विद्युत बोर्ड, जल शक्ति, लोक निर्माण, राजस्व विभाग व अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें सुनीं व अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश चकौता स्कीम 2015 के तहत धर्मदास पुत्र गंगा राम गांव चाचड़, नरेश कुमार गांव घरोग व नानक चंद गांव सेर चिराग को 5 बीघा भूमि का मालिकाना हक प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में 90 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम में 20 इंतकाल व 22 आधार कार्ड अद्यतन किए गए। इस अवसर पर 75 शिकायतें व मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें से 54 शिकायतें व 21 मांगे थीं। इनमें से अधिकतर का मौके पर निपटारा किया गया तथा शेष मांगों को संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष चन्द बरमानी, रमेश ठाकुर, संजीव ठाकुर, जतिन साहनी, शोभित बहल, मदन हिमाचली, संधीरा सिंह सीनू, मोहन मेहता, डीसी मनमोहन शर्मा, एसपी तिरुमलाराजू एसडी वर्मा, एसी राहुल जैन, एएसपी बद्दी अशोक वर्मा, एसडीएम सोलन डॉ. पूनम बसंल, जयवंती, बनीता, भूपेंद्र कश्यप, नरेश, अमर दत्त व लक्ष्मी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here