Edited By Vijay, Updated: 22 Feb, 2026 10:57 PM

हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन को दहलाने के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। काऊंटर इंटैलीजैंस (सीआई) जालंधर और सीआई एसएएस नगर (मोहाली) ने....
नालागढ़/चंडीगढ़ (रमनजीत): हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन को दहलाने के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। काऊंटर इंटैलीजैंस (सीआई) जालंधर और सीआई एसएएस नगर (मोहाली) ने एक संयुक्त ऑप्रेशन में नालागढ़ थाने परिसर में हुएआरडीएक्स आधारित आईईडी धमाके में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विदेश में बैठे आकाओं के इशारे पर काम कर रहे थे आरोपी
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महावीर उर्फ बच्चा और मनप्रीत उर्फ मनी के रूप में हुई है, जो एसबीएस नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि ये दोनों प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनैशनल (बीकेई) से जुड़े विदेश आधारित मास्टरमाइंड गोपी नवांशहरिया, जस्सी कुलाम और सुशांत चोपड़ा के सीधे संपर्क में थे और उन्हीं के निर्देशों पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।
1 जनवरी 2026 को दहलाया था नालागढ़ थाना
डीजीपी ने बताया कि 1 जनवरी, 2026 को नालागढ़ पुलिस थाने पर जो धमाका हुआ था, उसमें इस्तेमाल किया गया आईईडी उसी खेप का हिस्सा था जिसे इन आरोपियों ने पाकिस्तानी सीमा के नजदीक से हासिल किया था। विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर इन्होंने आरडीएक्स और हैंड ग्रेनेड की खेप प्राप्त की थी और उसे ठिकाने लगाया था।
पूरे मॉड्यूल का हुआ पर्दाफाश
पुलिस के अनुसार इस आतंकी मॉड्यूल के 6 सदस्यों को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जो हथियारों और विस्फोटकों की सप्लाई चेन का हिस्सा थे। अब मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश हो गया है। आरोपियों के खिलाफ मोहाली के स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here