सावधान! फोन पर गैस सिलैंडर की बुकिंग कहीं खाली न कर दे आपका बैंक खाता, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Edited By Vijay, Updated: 19 Mar, 2026 03:28 PM

police issue advisory regarding fraud in the name of lpg booking

देश के कई राज्यों में एलपीजी बुकिंग के नाम पर हो रही साइबर ठगी के मामलों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। बाहरी राज्यों में बढ़ते फ्रॉड को देखते हुए पुलिस जिला देहरा पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।

देहरा (सेठी): देश के कई राज्यों में एलपीजी बुकिंग के नाम पर हो रही साइबर ठगी के मामलों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। बाहरी राज्यों में बढ़ते फ्रॉड को देखते हुए पुलिस जिला देहरा पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। हालांकि देहरा क्षेत्र में अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर एसपी मयंक चौधरी ने आम जनता के लिए सतर्क रहने की अपील जारी की है।

जानकारी के अनुसार साइबर अपराधी खुद को इण्डेन, भारत गैस या एचपी गैस का अधिकारी बताकर ग्राहकों को फोन करते हैं। ये ठग बहुत ही शातिराना अंदाज में लोगों को "तुरंत एलपीजी बुकिंग", "गैस खत्म होने" या "अगले ही दिन डिलीवरी" देने का लालच और झांसा देते हैं। बुकिंग कन्फर्मेशन के बहाने या गैस की कमी का डर पैदा करके, ये ठग ग्राहकों से उनका ओटीपी, केवाईसी और बैंक खाते से जुड़ी गुप्त जानकारी मांग लेते हैं। कई मामलों में ये मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर भी लोगों की सारी डिटेल हैक कर लेते हैं और पल भर में बैंक खाता खाली कर देते हैं।

LPG कंपनियां फोन पर नहीं मांगती ओटीपी या बैंक डिटेल : एसपी 
एसपी मयंक चौधरी ने स्पष्ट किया है कि कोई भी एलपीजी गैस कंपनी फोन पर कभी भी ग्राहकों से ओटीपी या बैंक डिटेल नहीं मांगती है। उन्होंने अन्य राज्यों में हो रही घटनाओं का हवाला देते हुए स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर बिल्कुल भरोसा न करें। गैस बुकिंग के लिए केवल संबंधित कंपनी की आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें। देहरा पुलिस ने सख्त संदेश दिया है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

46 दिन से पहले गैस दिलाने वाला 100 प्रतिशत फ्रॉड: अश्वनी पूरी
इस गंभीर मुद्दे पर आकाश गैस सर्विस के मैनेजर अश्वनी पूरी ने भी उपभोक्ताओं को आगाह किया है। उन्होंने आग्रह किया है कि लोग गैस बुक कराने के लिए केवल आधिकारिक बुकिंग नंबरों पर ही कॉल करें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि ग्रामीण इलाकों में गैस सिलेंडर रिफिल करने का समय 46 दिन निर्धारित किया गया है। यदि कोई व्यक्ति फोन पर 46 दिन से पहले गैस दिलाने की बात करता है या लालच देता है, तो वह पूरी तरह से फ्रॉड है। इसलिए ऐसे किसी भी व्यक्ति या फोन कॉल पर भूलकर भी भरोसा न करें और अपनी निजी जानकारी किसी से साझा न करें।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!