Edited By Vijay, Updated: 13 Sep, 2023 05:16 PM

राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों शिव बावड़ी मंदिर समरहिल और कृष्णानगर का दौरा किया। इस दौरान अपनों को खोने वाले परिजन प्रियंका गांधी के सामने बिलख-बिलख कर रो पड़े और उन्हें त्रासदी की आपबीती सुनाई।
राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव ने किया शिव बावड़ी मंदिर समरहिल और कृष्णानगर का दौरा, प्रभावितों को बंधाया ढांढस
शिमला (संतोष): राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों शिव बावड़ी मंदिर समरहिल और कृष्णानगर का दौरा किया। इस दौरान अपनों को खोने वाले परिजन प्रियंका गांधी के सामने बिलख-बिलख कर रो पड़े और उन्हें त्रासदी की आपबीती सुनाई। वहीं पीड़ित परिवारों की महिलाएं तो उनके सीने से लिपटकर रो पड़ीं। शिव बावड़ी मंदिर हादसे में पवन शर्मा का पूरा परिवार काल का ग्रास बन गया था और एकमात्र उनकी बेटी नितिका शर्मा ही बची है जोकि लुधियाना में ब्याही हुई है।

परिवार के 7 सदस्यों को खोने वाली बेटी नितिका व उसके पति ने प्रियंका गांधी वाड्रा से भेंट की। इस दौरान नितिका प्रियंका गांधी को देखकर फूट-फूट कर रोई तो वहीं उन्होंने भी बेटी को ढांढस बंधाया। इस हादसे में पवन शर्मा, उनकी धर्मपत्नी संतोष शर्मा, पुत्र अमन शर्मा, पुत्रवधू अर्चना शर्मा, पोतियां सायशा शर्मा, नायरा व समायरा की मौत हुई है। प्रियंका गांधी ने शिव बावड़ी मंदिर हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों मृतक सौरभ की माता अंजलि, मृतक नीरज की माता शकुंतला, मृतक अमित ठाकुर के पिता जयंत ठाकुर, मृतक संजीव ठाकुर के पिता मोहन ठाकुर, मृतक किरण के पति प्रदीप कुमार से भी भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान समरहिल वार्ड के पार्षद वीरेंद्र ठाकुर भी मौके पर मौजूद रहे।
कृष्णानगर में इन लोगों ने सुनाया अपना दुखड़ा
कृष्णानगर पहुंची प्रियंका गांधी ने यहां आपदा से ढह गए मकानों के प्रभावितों से बात की। इस दौरान सुमन, सुनीता, संतोष, रतनी देवी, निशा के अलावा जगदीश, नीलू सिंह, जियालाल आदि ने उन्हें बसाने और मकान दिलवाने की मांग रखी। वार्ड पार्षद बिट्टू कुमार पाना ने भी प्रियंका गांधी को यहां हुए नुक्सान से अवगत करवाया। उन्होंने मत दिया कि यदि यहां पर रिटेनिंग वॉल व डंगे लग जाते हैं तो 30 से 40 मकान गिरने से बच जाएंगे। इस पर प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री को यहां रिटेनिंग वॉल लगाने के बारे में निर्देश दिए, वहीं राजीव गांधी आवास योजना के तहत बने मकानों को पात्र परिवारों को देने की भी बात कही।
हादसे में बच गए शिव बावड़ी मंदिर में प्रियंका ने नवाया शीश
14 अगस्त को हुए भूस्खलन के बाद यहां शेष बचे मंदिर में प्रियंका गांधी ने शीश भी नवाया। शिव बावड़ी मंदिर में हुए हादसे में 20 लोगों की मौत हुई है जबकि कृष्णानगर में स्लाटर हाऊस सहित आधा दर्जन मकानों के ढह जाने के साथ यहां 2 लोगों की मौत हुई है। शिव बावड़ी मंदिर हादसे के एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हुई। इस परिवार की तीन पीढ़ियां खत्म हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 2 प्रौफेसर व उनका परिवार काल का ग्रास बना। एनडीआरएफ और पुलिस के अलावा स्थानीय लोगों द्वारा चलाए गए 11 दिवसीय तलाशी अभियान में 20 शवों को मलबे से बाहर निकालकर परिजनों को सुपुर्द किया गया। करीब 150 साल पुराना यह मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। श्रावण के महीने में मंदिर में शिव भक्तों का तांता लगा रहता था। हादसे के वक्त श्रावण के सोमवार का दिन होने के चलते मंदिर में हवन यज्ञ और खीर के प्रसाद की तैयारी चल रही थी। इससे पहले भूस्खलन ने मंदिर को ध्वस्त कर दिया। मंदिर के पास बावड़ी होने की वजह से इस जगह का नाम शिव बावड़ी पड़ा है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here