सावधान! मनाली पुलिस ने कसी हुड़दंगियों पर नकेल, 450 से ज्यादा काटे चालान

Edited By Jyoti M, Updated: 04 Mar, 2026 12:31 PM

manali police crack down on rioters issue over 450 challans

अक्सर शांति और सुकून के लिए पहचाने जाने वाले हिमाचल के पहाड़ इन दिनों बुलेट के धमाकों और हुड़दंग की चपेट में हैं। पंजाब से भारी संख्या में बाइकर टोली मनाली और लाहौल घाटी का रुख कर रही है, लेकिन इस बार पर्यटकों का यह सैलाब अपने साथ 'एडवेंचर' नहीं बल्कि...

मनाली/लाहौल-स्पीति: अक्सर शांति और सुकून के लिए पहचाने जाने वाले हिमाचल के पहाड़ इन दिनों बुलेट के धमाकों और हुड़दंग की चपेट में हैं। पंजाब से भारी संख्या में बाइकर टोली मनाली और लाहौल घाटी का रुख कर रही है, लेकिन इस बार पर्यटकों का यह सैलाब अपने साथ 'एडवेंचर' नहीं बल्कि 'अराजकता' लेकर आया है। प्रशासन ने अब साफ कर दिया है कि घूमने आने वालों का स्वागत है, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के लिए जेल और भारी जुर्माने का रास्ता खुला है।

सड़कों पर रफ़्तार का कहर और पुलिस का 'हंटर'

बीते दो-तीन दिनों में बिलासपुर से लेकर लाहौल तक के नेशनल हाईवे किसी रैली के मैदान जैसे नजर आ रहे हैं। बिना हेलमेट, ट्रिपलिंग और बिना नंबर प्लेट के फर्राटा भरते इन बाइकरों ने स्थानीय लोगों और अन्य सैलानियों की नाक में दम कर रखा है।

मनाली पुलिस ने ITMS (इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमैंट सिस्टम) की मदद से इन नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर डिजिटल स्ट्राइक की है। डीएसपी केडी सिंह के मुताबिक, अब तक 450 से अधिक चालान काटे जा चुके हैं। इसमें मुख्य रूप से सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी और ट्रैफिक व्यवस्था को बाधित करने के मामले शामिल हैं।

रफ्तार का यह जुनून अब जानलेवा साबित हो रहा है। हाल ही में दो दर्दनाक हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तेज रफ्तार बाइक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

पंडोह (मंडी) में अमृतसर का एक युवक ट्रक के नीचे आ गया और उसने अपनी जान गंवा दी। इन घटनाओं के बावजूद, हाईवे पर बाइकरों के झुंड ट्रैफिक नियमों को दरकिनार कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 'चाकू' वाला वीडियो

लाहौल घाटी से एक डराने वाला वीडियो सामने आया था, जिसमें कथित तौर पर कुछ युवक चाकू लहराते नजर आ रहे थे। हालांकि, एसपी लाहौल शिवानी ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच की, लेकिन मौके पर कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। फिर भी, एहतियात के तौर पर QRT (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके।

स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने सख्त तेवर अपनाते हुए कहा है कि हिमाचल की संस्कृति और शांति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए संदेश दिया कि "आप देवभूमि में मेहमान बनकर आएं, गंदगी फैलाने या गुंडागर्दी करने वाले शरारती तत्वों के लिए यहाँ कोई जगह नहीं है। पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे हुड़दंगियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।"

अगला कदम: सख्त पहरा जारी रहेगा

मनाली और लाहौल पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान थमने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में नाकाबंदी और बढ़ाई जाएगी। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे पहाड़ों की मर्यादा बनाए रखें और सुरक्षित ड्राइविंग करें ताकि उनकी यात्रा सुखद रहे, न कि कानूनी पचड़ों में उलझी हुई।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!