Edited By Vijay, Updated: 17 Jul, 2025 05:45 PM

पांवटा साहिब-शिलाई नैशनल हाईवे-707 पर लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है। आए दिन हाईवे कहीं न कहीं भूस्खलन के चलते अवरुद्ध हो रहा है।
शिलाई/नाहन (आशु): पांवटा साहिब-शिलाई नैशनल हाईवे-707 पर लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है। आए दिन हाईवे कहीं न कहीं भूस्खलन के चलते अवरुद्ध हो रहा है। शिलाई उपमंडल के तहत वीरवार काे एक बार फिर भूस्खलन होने से उत्तरी क्षेत्र में हाईवे बंद हो गया। बरसात के चलते बार-बार पहाड़ से पत्थर गिर रहे हैं, ऐसे में हाईवे को बहाल करने में भारी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि बुधवार तड़के 5 बजे उतरी में पहाड़ से बड़ी-बड़ी चट्टाने आने के कारण यह हाईवे बंद हो गया था, जिसे 18 घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे बहाल कर दिया था, लेकिन 11 घंटे की राहत के बाद एक बार फिर भारी मात्रा में भूस्खलन ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी। हाईवे बंद होने के कारण मार्ग के दाेनाें तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। उधर, प्रशासन के निर्देशों पर संबंधित कंपनी की मशीनरी हाईवे को बहाल करने में जुटी हुई है। देर रात तक हाईवे के बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बारिश के कारण प्रभावित हो रहा बहाली कार्य
हाईवे बंद होने के कारण छोटे वाहन वाया नाया-गंगटोली होकर गुजर रहे हैं, लेकिन भारी व बड़े वाहनों के पहिए थमे रहे। एसडीएम शिलाई जसपाल ने बताया कि उत्तरी में हाईवे को बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। देर रात तक हाईवे के बहाल होने की उम्मीद है। इलाके में बारिश के कारण बार-बार भूस्खलन हो रहा है, जिससे बहाली कार्य प्रभावित हो रहा है।
अन्य स्थानों पर भी बंद रहा हाईवे
उधर, सतौन से कफोटा तक वीरवार को यह हाईवे कुछेक स्थानों पर बीच-बीच में अवपरुद्ध रहा। सतौन से लगभग 4 किलोमीटर दूर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण हाईवे बंद हो गया। मलबे में 2 वाहन भी फंस गए थे। जेसीबी के माध्यम से हाईवे को बहाल कर दिया है। टटियाना जीरो प्वाइंट पर भी भूस्खलन के कारण हाईवे कुछ समय के लिए बंद रहा। एसडीएम ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि कफोटा उपमंडल के तहत 2-3 स्थानों पर मलबा आने के कारण हाईवे अवरुद्ध हुआ था, जिसे कुछ समय के बाद बहाल कर दिया गया।
