मनाली के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी से बिगड़े हालात! लाहौल-स्पीति का रास्ता बंद, कुल्लू पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

Edited By Vijay, Updated: 20 Mar, 2026 09:58 PM

kullu police issues traffic advisory due to snowfall

मनाली के ऊपरी क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी ने जहां वादियों की खूबसूरती बढ़ा दी है, वहीं सड़कों पर सफर को अत्यधिक खतरनाक बना दिया है। भारी बर्फबारी के कारण सड़कें बहुत ज्यादा फिसलन भरी हो गई हैं।

कुल्लू/मनाली (संजीव): मनाली के ऊपरी क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी ने जहां वादियों की खूबसूरती बढ़ा दी है, वहीं सड़कों पर सफर को अत्यधिक खतरनाक बना दिया है। भारी बर्फबारी के कारण सड़कें बहुत ज्यादा फिसलन भरी हो गई हैं। इसे देखते हुए कुल्लू पुलिस ने पर्यटकों और आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर एक सख्त ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जान जोखिम में डालकर ऊंचाई वाले इलाकों का रुख न करें।

पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार बर्फबारी के चलते सोलंग बैरियर से लाहौल-स्पीति की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही को अगले आदेशों तक पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जब तक मौसम और सड़कों की स्थिति पूरी तरह से सामान्य नहीं हो जाती, तब तक किसी भी वाहन को इस मार्ग पर आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सड़कों पर फिसलन के भारी खतरे को देखते हुए बड़े पर्यटक वाहनों पर भी विशेष रोक लगाई गई है। कुल्लू पुलिस के निर्देशों के मुताबिक, अब टैम्पो ट्रैवलर केवल नेहरू कुंड तक ही जा सकेंगे। नेहरू कुंड से आगे जाने पर इन वाहनों की सख्त मनाही है। इसके अलावा, मौसम खुलने और स्थिति सामान्य होने के बाद भी सिर्फ 4x4 (फोर व्हील ड्राइव) वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति मिलेगी और उनके लिए भी टायरों में स्नो चेन का लगा होना अनिवार्य किया गया है।

कुल्लू पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से फिलहाल पूरी तरह परहेज करने की अपील की है। हालांकि, यदि किसी आपात स्थिति में यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो, तो पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि सफर के लिए केवल 4x4 वाहन का ही इस्तेमाल करें। इसके साथ ही गाड़ी में स्नो चेन जरूर रखें और अपने साथ पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री व अन्य जरूरी सामान अनिवार्य रूप से लेकर चलें, ताकि रास्ते में फंसने पर किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला पुलिस और प्रशासन ने सभी नागरिकों व पर्यटकों से विशेष अनुरोध किया है कि वे अपनी जान जोखिम में न डालें। भारी बर्फबारी के इस दौर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों की अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!