Edited By Vijay, Updated: 22 Jun, 2019 06:17 PM

सी.एम. जयराम ठाकुर के गृहक्षेत्र सराज की 2 पंचायतों में आजादी के बाद आज पहली बार बस पहुंची। स्थानीय लोगों ने इस उपलक्ष पर अपनी खुशी का इजहार करते हुए मिठाई बांटी। बता दें कि शनिवार को बांदल से कल्हणी तक बनी सड़क पर एच.आर.टी.सी. की बस का ट्रायल किया...
मंडी (नीरज): सी.एम. जयराम ठाकुर के गृहक्षेत्र सराज की 2 पंचायतों में आजादी के बाद आज पहली बार बस पहुंची। स्थानीय लोगों ने इस उपलक्ष पर अपनी खुशी का इजहार करते हुए मिठाई बांटी। बता दें कि शनिवार को बांदल से कल्हणी तक बनी सड़क पर एच.आर.टी.सी. की बस का ट्रायल किया गया जोकि पूरी तरह से सफल रहा। ट्रायल के दौरान एस.डी.एम. गोहर अनिल भारद्वाज, एक्सियन सिराज के.के. कौशल, एच.आर.टी.सी. के अधिकारी, सराज भाजयुमो के अध्यक्ष देवेंद्र राणा, पंचायत प्रधान कुकलाह रेवती और कशौड़ पंचायत की प्रधान सावित्री देवी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। बस को बांदल से कल्हणी ले जाया गया और वापस लाया गया। यह बस कशौड़ और खोलानाल पंचायत से होकर गई।
सी.एम. जयराम ठाकुर दिखाएंगे बस को हरी झंडी
सराज भाजयुमो के अध्यक्ष देवेंद्र राणा ने बताया कि इस सड़क के बनने से कशौड़ और खोलानाल पंचायतें आजादी के बाद अब जाकर सड़क सुविधा से जुड़ी हैं और यहां पहली बार कोई बस पहुंची है। वहीं इस सड़क से कुकलाह, कल्हणी, भाटकीधार और बागाचुनोगी पंचायत की हजारों की आबादी को भी लाभ मिलेगा। हालांकि अभी सिर्फ ट्रायल हुआ है और इस रूट पर बस को अधिकारिक रूप से खुद सी.एम. जयराम ठाकुर हरी झंडी दिखाएंगे। इस सड़क से खोलानाल पंचायत का कुछ भाग कवर हो रहा है जबकि कशौड़ पंचायत का अधिकतर भाग इसमें आ रहा है। वहीं बागाचुनोगी, कल्हणी और सराज के अन्य क्षेत्रों के लोगों को इस सड़क से जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान हो जाएगा। इससे पहले ग्रामीणों को 100 कि.मी. से अधिक का सफर तय करना पड़ता था जबकि अब यह सफर 60 कि.मी. ही रह जाएगा।
सड़क निर्माण पर खर्च की 10 करोड़ की राशि
एक्सिएन सराज के.के. कौशल ने बताया कि सड़क के निर्माण पर लगभग 10 करोड़ की राशि खर्च की गई है और इस सड़क को मेजर डिस्ट्रिक रोड में शामिल किया गया है। इसके तहत 50 करोड़ की राशि विभाग को प्राप्त हो गई है और उसके टैंडर भी जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही सड़क को चौड़ा करने और इस पर टारिंग करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।