Edited By Swati Sharma, Updated: 03 Mar, 2026 05:44 PM

Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक शहर पांवटा साहिब में इस बार होली का उत्सव बेहद खास होने वाला है। जहां पूरे प्रदेश में 4 मार्च को होली की छुट्टी मनाई जा रही है, वहीं पांवटा साहिब उपमंडल में ऐतिहासिक होली मेले के चलते 5 मार्च (गुरूवार) को...
Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक शहर पांवटा साहिब में इस बार होली का उत्सव बेहद खास होने वाला है। जहां पूरे प्रदेश में 4 मार्च को होली की छुट्टी मनाई जा रही है, वहीं पांवटा साहिब उपमंडल में ऐतिहासिक होली मेले के चलते 5 मार्च (गुरूवार) को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। 4 से 10 मार्च तक चलने वाले इस पारंपरिक मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं।
सांस्कृतिक संध्याओं में मचेगी धूम
होली मेले के आकर्षण को बढ़ाने के लिए दो भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जा रहा है। 6 मार्च को मेले की पहली शाम पूरी तरह हिमाचली और सिरमौरी लोक संस्कृति के नाम रहेगी। इसमें प्रदेश के नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस कार्यक्रम में डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। 7 मार्च को मेले की दूसरी शाम पंजाबी कलाकारों के नाम होगी। इस संगीतभरी शाम के मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान होंगे, जबकि पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
5 मार्च की छुट्टी को लेकर प्रशासन के निर्देश
एसडीएम पांवटा साहिब गुनजीत सिंह चीमा ने स्पष्ट किया है कि 5 मार्च का यह स्थानीय अवकाश केवल पांवटा साहिब उपमंडल के भीतर आने वाले सरकारी दफ्तरों, बोर्ड-निगमों और शैक्षणिक संस्थानों पर ही लागू होगा। आसपास के क्षेत्रों और निजी संस्थानों में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा। प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के कड़े प्रबंध किए हैं। एसडीएम ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे मेले के दौरान शांति, भाईचारा और अनुशासन बनाए रखें ताकि उत्सव को यादगार बनाया जा सके।