Edited By Vijay, Updated: 09 Dec, 2023 09:55 PM

हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में 2 अवार्ड मिले हैं। नई दिल्ली में आयोजित हुए ट्रैवलर अवार्ड्स-2023 में हिमाचल प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ साहसिक पर्यटन गंतव्य और ईको पर्यटन गंतव्य चुना गया है।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में 2 अवार्ड मिले हैं। नई दिल्ली में आयोजित हुए ट्रैवलर अवार्ड्स-2023 में हिमाचल प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ साहसिक पर्यटन गंतव्य और ईको पर्यटन गंतव्य चुना गया है। हिमाचल प्रदेश ने कांगड़ा जिले के बीड़ बिलिंग के लिए सर्वश्रेष्ठ साहसिक पर्यटक गंतव्य स्वर्ण श्रेणी और लाहौल-स्पीति जिले के स्पीति के लिए सर्वश्रेष्ठ ईको पर्यटन गंतव्य स्वर्ण श्रेणी में पुरस्कार जीते। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने ये पुरस्कार प्राप्त किए।
ट्रैवलर अवार्ड्स-2023 समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने निवेशकों से हिमाचल में पर्यटन क्षेत्र में उदारतापूर्वक निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन परियोजनओं को शीघ्र स्वीकृति की सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नए पर्यटन गंतव्यों को विकसित कर, पर्यटन अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण कर रही है। पर्यटकों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान कर रही है ताकि वे अधिक अवधि तक यहां समय बिताएं और प्रदेश की आर्थिकी में वृद्धि हो। प्रदेश में हवाई सेवा में सुधार के दृष्टिगत कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के साथ-साथ सभी जिला मुख्यालयों में हैलीपोर्ट निर्मित किए जाएंगे।
हिमाचल को हरित राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मार्च, 2026 तक हिमाचल को देश के हरित राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है और राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अभिनव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सौर ऊर्जा, हरित हाईड्रोजन, नवीकरण ऊर्जा के अन्य स्रोतों के दोहन पर बल दे रही है। प्रदेश सरकार डीजल वाहनों के स्थान पर इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा प्रदान कर रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here