Edited By Swati Sharma, Updated: 25 Feb, 2026 05:44 PM

हिमाचल डेस्क: यदि आप हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEBL) की ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। दरअसल, बोर्ड उपभोक्ताओं को बेहतर डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अपनी वेबसाइट और बिलिंग सिस्टम को अपग्रेड कर रहा...
हिमाचल डेस्क: यदि आप हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEBL) की ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। दरअसल, बोर्ड उपभोक्ताओं को बेहतर डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अपनी वेबसाइट और बिलिंग सिस्टम को अपग्रेड कर रहा है। इस तकनीकी अपग्रेडेशन के चलते प्रदेश भर के बिजली उपभोक्ताओं को आगामी पांच दिनों तक ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा। बोर्ड ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपना बकाया भुगतान समय रहते सुनिश्चित कर लें।
पांच दिनों तक प्रभावित रहेंगी सेवाएं
बोर्ड के प्रवक्ता अनुराग पराशर के अनुसार, अपग्रेडेशन का कार्य 27 फरवरी (शुक्रवार) से शुरू होकर 3 मार्च तक चलेगा। इस अवधि के दौरान ऑनलाइन बिलिंग, नए कनेक्शन के आवेदन, लोड में बदलाव और मोबाइल एप्लिकेशन जैसी सभी डिजिटल सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। बोर्ड का लक्ष्य इस अपग्रेड के जरिए बिल जनरेशन और भुगतान प्रक्रिया को और अधिक सटीक व प्रभावी बनाना है। वहीं, विद्युत उपभोक्ता अपना बिल ऑनलाइन देख सकते हैं और 24 घंटे बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतें भी दर्ज करवा सकते हैं।
अपग्रेडेशन के दौरान उपभोक्ता इन सुविधाओं का लाभ नहीं ले पाएंगे:-
- बिजली बिल का ऑनलाइन या कैश काउंटर पर भुगतान।
- नए कनेक्शन के लिए आवेदन करना।
- बिल जनरेशन।
- बिजली आपूर्ति संबंधी ऑनलाइन शिकायतें।
- लोड परिवर्तन और कनेक्शन जोड़ने/काटने के अनुरोध।
उपभोक्ताओं के लिए बोर्ड की सलाह
बोर्ड ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे 'लेट पेमेंट सरचार्ज' (अतिरिक्त शुल्क) से बचने के लिए अपना बिजली बिल 27 फरवरी से पहले ही जमा कर दें। अपग्रेडेशन की गतिविधियां पूरी होने के बाद 4 मार्च से सभी ऑनलाइन सेवाएं पूरी दक्षता के साथ फिर से बहाल कर दी जाएंगी। साथ ही डिजिटल सिस्टम बंद रहने के दौरान यदि किसी उपभोक्ता को बिजली आपूर्ति संबंधी कोई समस्या आती है, तो वे बोर्ड की 24/7 हेल्पलाइन का सहारा ले सकते हैं। किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबरों 1800-180-8060 या 1912 पर कॉल कर सकते हैं।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें